Breaking

स्कूल 10 किमी दूर शिफ्ट करने के विरोध में सड़क पर उतरे सैकड़ों छात्र, पाटन में चक्काजाम

 



जबलपुर। पाटन में संदीपनी स्कूल को करीब 10 किलोमीटर दूर ग्राम सकरा में शिफ्ट किए जाने के विरोध में मंगलवार को सैकड़ों छात्रों ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। आक्रोशित छात्रों ने पाटन चौराहे पर चक्काजाम कर जबलपुर-दमोह-भोपाल मार्ग को करीब एक घंटे तक बाधित रखा। बड़ी संख्या में छात्रों के सड़क पर उतरने से पुलिस और प्रशासन में भी हड़कंप मच गया।

प्रदर्शन की सूचना मिलते ही एसडीएम मानवेंद्र सिंह, पाटन थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारी छात्रों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। प्रशासन की ओर से स्कूल आने-जाने के लिए बसों की व्यवस्था का आश्वासन दिए जाने के बाद छात्रों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया।


10 किलोमीटर दूर स्कूल होने से बढ़ी परेशानी

छात्रों का कहना है कि पाटन में स्कूल संचालित होने से आसपास के गांवों से आने वाले विद्यार्थियों को स्कूल पहुंचने में आसानी होती थी। अब स्कूल को ग्राम सकरा में शिफ्ट किए जाने से ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों के सामने रोजाना आवागमन की बड़ी समस्या खड़ी हो गई है।

छात्रों के मुताबिक, नए स्थान तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त समय और परिवहन खर्च वहन करना पड़ेगा। वहीं, ग्राम सकरा में स्कूल की नई बिल्डिंग का निर्माण भी शुरू हो चुका है।

छात्रों ने शिक्षकों पर लगाया धमकी देने का आरोप

प्रदर्शनकारी छात्र अभय प्रजापति ने आरोप लगाया कि स्कूल शिफ्टिंग का विरोध कर रहे विद्यार्थियों को कुछ शिक्षकों द्वारा टीसी देने और फेल करने की धमकी दी गई। छात्रों का आरोप है कि दबाव बनाकर उन्हें आंदोलन से पीछे हटाने का प्रयास किया गया। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

बसों की व्यवस्था का आश्वासन

एसडीएम मानवेंद्र सिंह ने बताया कि छात्रों की मुख्य मांग स्कूल तक आने-जाने के लिए परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने की है। इस संबंध में स्कूल प्रिंसिपल से भी चर्चा की गई है। उन्होंने बताया कि बसों की व्यवस्था के लिए टेंडर जारी हो चुका है और प्रशासन जल्द से जल्द परिवहन सुविधा शुरू करने का प्रयास कर रहा है।

बस सुविधा शुरू होने के बाद छात्रों को स्कूल तक पहुंचने में होने वाली परेशानी कम होने की उम्मीद है।


और नया पुराने