Breaking

फरार आरोपियों पर जबलपुर पुलिस ने घोषित किया इनाम, सूचना देने वालों को मिलेगा नकद पुरस्कार

 


जबलपुर। जिले में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जबलपुर पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय (भा.पु.से.) ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दर्ज मामलों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर 3 हजार से लेकर 5 हजार रुपये तक का इनाम घोषित किया है।


पुलिस के अनुसार, फरार आरोपियों को गिरफ्तार कराने, उनकी गिरफ्तारी के संबंध में विश्वसनीय सूचना देने अथवा गिरफ्तारी में सहयोग करने वाले व्यक्ति को संबंधित आरोपी के नाम के सामने निर्धारित नगद राशि से पुरस्कृत किया जाएगा।

लार्डगंज के दो आरोपियों पर 5-5 हजार का इनाम

लार्डगंज थाना के अपराध क्रमांक 555/26 में फरार आरोपी कुनाल पटेल पिता रामप्रसाद पटेल, उम्र 26 वर्ष, निवासी रानीताल, लार्डगंज तथा शनि शुक्ला पिता दिनेश शुक्ला, उम्र 25 वर्ष, निवासी लालबर्रा, जिला बालाघाट, वर्तमान पता रानीताल, लार्डगंज की गिरफ्तारी पर पुलिस ने 5-5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।

महिला थाना के तीन आरोपियों पर भी इनाम

महिला थाना के अपराध क्रमांक 40/26 में फरार आरोपी शिव चौधरी उर्फ आकाश, रोशनी पटेल और अरविंद की गिरफ्तारी पर 5-5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। पुलिस के मुताबिक, इस प्रकरण में अनैतिक व्यापार अधिनियम सहित बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज है।

पनागर के दो आरोपियों पर 4-4 हजार रुपये

पनागर थाना के अपराध क्रमांक 708/26 में फरार आरोपी राजा पाण्डे पिता कैलाश पाण्डे, निवासी पटेल नगर, महाराजपुर, अधारताल तथा छोटे सरकार उर्फ राहुल चौधरी पिता नेतराम चौधरी, निवासी ग्राम मेहगवां, पनागर की गिरफ्तारी पर 4-4 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।

महिला थाना के एक आरोपी पर 4 हजार का इनाम

महिला थाना के अपराध क्रमांक 37/26 में फरार आरोपी सुमित चौधरी पिता रमेश चौधरी, उम्र 25 वर्ष, निवासी कांचघर, हनुमान टोरिया, घमापुर की गिरफ्तारी पर 4 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। पुलिस के अनुसार, इस मामले में बीएनएस की धारा 65(1) तथा पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज है।

रांझी के आरोपी पर 3 हजार रुपये का इनाम

रांझी थाना के अपराध क्रमांक 555/26 में फरार आरोपी विकास मिश्रा पिता विनोद मिश्रा, उम्र 25 वर्ष, निवासी तुलससरी नगर, रांझी की गिरफ्तारी पर 3 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। मामले में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के साथ एससी-एसटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज है।

सूचना देने वालों को मिलेगा निर्धारित इनाम

जबलपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इन फरार आरोपियों की गिरफ्तारी में सहयोग करने वाले व्यक्ति को निर्धारित इनाम राशि प्रदान की जाएगी। पुलिस का उद्देश्य लंबे समय से फरार आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित कर लंबित मामलों में आगे की कानूनी कार्रवाई करना है।

और नया पुराने