जबलपुर। जबलपुर रेलवे स्टेशन पर मंगलवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब करीब 9:30 बजे स्टेशन परिसर में खड़े एक रेलवे कोच में अचानक आग लग गई। कोच से धुआं और आग की लपटें उठती देख रेलवे अधिकारियों को तत्काल सूचना दी गई। इसके बाद रेलवे प्रशासन हरकत में आया और दमकल विभाग को मौके पर बुलाया गया।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम रेलवे स्टेशन पहुंची और कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि जिस कोच में आग लगी थी, वह यात्री कोच नहीं था। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, इस कोच का इस्तेमाल विभागीय एवं आंतरिक कार्यों के लिए किया जाता था। घटना के समय कोच में कोई यात्री मौजूद नहीं था।
