Breaking

मध्य प्रदेश में बारिश का स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव, 3 दिन भारी बारिश का अलर्ट; 43 जिलों में अब भी सामान्य से कम बारिश

 


भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। पूर्वी हिस्से में लो प्रेशर एरिया और मानसून ट्रफ के प्रभाव से बारिश का स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव है। मौसम विभाग ने जबलपुर, रीवा और शहडोल संभाग समेत कई जिलों में अगले तीन दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। कुछ इलाकों में 4 इंच या उससे ज्यादा बारिश होने की संभावना जताई गई है।

इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

रविवार को जबलपुर, सागर, नरसिंहपुर, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, कटनी, पन्ना, रीवा, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली के अलावा रायसेन और नर्मदापुरम में तेज बारिश हो सकती है। मौसम केंद्र के अनुसार, अगले 24 घंटे में इन जिलों के कुछ हिस्सों में 4 इंच या उससे अधिक पानी गिरने की संभावना है।

इन जिलों में भी बारिश का दौर जारी

भोपाल, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, धार, अलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, नीमच, आगर-मालवा, मंदसौर, शाजापुर, देवास, रतलाम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, दतिया, अशोकनगर, मुरैना, भिंड, श्योपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सतना, मैहर, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश का दौर जारी रह सकता है।

प्रदेश में अब तक 21.4 इंच बारिश

मौसम केंद्र के आंकड़ों के मुताबिक मध्य प्रदेश में अब तक 544.4 मिमी यानी करीब 21.4 इंच बारिश दर्ज की गई है। सामान्य तौर पर इस अवधि तक प्रदेश में 618.8 मिमी यानी 24.4 इंच बारिश होनी चाहिए थी। इस लिहाज से प्रदेश में अब तक करीब 3 इंच बारिश कम हुई है। कुल मिलाकर बारिश सामान्य से करीब 12 प्रतिशत कम है।

पूर्वी मध्य प्रदेश में सामान्य से करीब 18 प्रतिशत और पश्चिमी हिस्से में करीब 6 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है।

43 जिलों में बारिश का आंकड़ा सामान्य से कम

प्रदेश के पूर्वी हिस्से में जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल संभाग में बारिश सामान्य से 19 प्रतिशत तक कम है। बालाघाट, छतरपुर, छिंदवाड़ा, दमोह, डिंडौरी, जबलपुर, कटनी, मैहर, मंडला, मऊगंज, नरसिंहपुर, निवाड़ी, पांढुर्णा, पन्ना, रीवा, सागर, सतना, सिवनी, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, टीकमगढ़ और उमरिया में सामान्य से 2 से 54 प्रतिशत तक कम बारिश हुई है।

वहीं पश्चिमी हिस्से के आगर-मालवा, अलीराजपुर, अशोकनगर, बैतूल, दतिया, धार, हरदा, इंदौर, झाबुआ, मुरैना, मंदसौर, नर्मदापुरम, नीमच, रायसेन, रतलाम, शाजापुर, श्योपुर, शिवपुरी, उज्जैन और विदिशा में सामान्य से 1 से 48 प्रतिशत तक कम बारिश दर्ज की गई है।

बारिश का नया दौर किसानों के लिए राहत

पूर्वी मध्य प्रदेश के कई जिलों में सामान्य से कम बारिश के बीच सक्रिय हुआ यह सिस्टम राहत लेकर आ सकता है। अगले तीन दिनों में होने वाली अच्छी बारिश से बारिश की कमी कुछ हद तक पूरी होने की उम्मीद है। हालांकि, भारी बारिश वाले जिलों में जलभराव, नदी-नालों के उफान और स्थानीय स्तर पर बाढ़ जैसी स्थिति को लेकर भी सतर्क रहने की जरूरत है।

और नया पुराने