Breaking

शराब के लिए रुपये नहीं दिए तो दो युवतियों से सरेराह मारपीट, चाकू से हमला

 


जबलपुर। डुमना घूमकर घर लौट रही दो युवतियों को रास्ते में रोककर शराब पीने के लिए रुपये मांगने और रुपये देने से इनकार करने पर सरेराह मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि दो युवकों और दो युवतियों ने मिलकर दोनों युवतियों के साथ मारपीट की। इस दौरान एक युवती के साथ बाल पकड़कर घसीटते हुए मारपीट की गई, जबकि बीच-बचाव करने पहुंची उसकी सहेली पर चाकू से हमला कर दिया गया। हमले में युवती के सिर और हाथ में चोट आई है।

घटना के बाद डरी-सहमी युवतियां सीधे अपने घर पहुंच गईं। अगले दिन पीड़िता ने घमापुर थाना पहुंचकर पुलिस को घटनाक्रम की जानकारी दी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

डुमना से लौटते समय रास्ता रोककर मांगे रुपये

पुलिस के अनुसार पीरजी का बगीचा, सदर कैंट निवासी 23 वर्षीय विदांशी खरे अपनी सहेली करुणा और दोस्त के साथ एक्सिस वाहन से डुमना घूमने गई थीं। शाम करीब 5:30 बजे वे डुमना से घर लौट रही थीं। नेहरा कंपनी के समीप मंदिर के सामने पहुंचने पर विवेक खरे और दीपा कोरी उनका पीछा करते हुए पहुंचे और रास्ता रोक लिया।

आरोप है कि दोनों ने शराब पीने के लिए युवतियों से रुपये मांगे। विदांशी ने रुपये देने से मना किया तो विवेक ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। वहीं दीपा ने विदांशी के बाल पकड़कर उसे सड़क पर गिरा दिया और घसीटते हुए मारपीट की।

बीच-बचाव करने आई सहेली पर चाकू से हमला

विदांशी के साथ सड़क पर मारपीट होते देख उसकी सहेली करुणा बीच-बचाव करने पहुंची। इसी दौरान विवेक का दोस्त विकास भी मौके पर आ गया और कथित तौर पर करुणा पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में करुणा की कोहनी और सिर में चोट आई।

आरोप है कि इसी दौरान रिया नाम की एक अन्य युवती भी मौके पर पहुंची और उसने भी करुणा के साथ मारपीट की। सड़क पर युवतियों के साथ मारपीट और चाकू से हमला होते देख राहगीर मौके पर रुकने लगे।

राहगीरों को देखकर धमकी देकर भागे आरोपी

राहगीरों की भीड़ जुटती देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग निकले। मारपीट और हमले में घायल युवतियां और उनका दोस्त डर के कारण तत्काल घर चले गए।

इसके बाद विदांशी खरे ने घमापुर थाने पहुंचकर पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। पुलिस ने मामले में धारा 296(ए), 115(2), 119(1), 351(2) और 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की भूमिका और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।

और नया पुराने