Breaking

E20 पेट्रोल विवाद पर रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा का बयान गरमाया, बोले- ‘शुद्ध पेट्रोल तुम्हारे बाप के यहां से आएगा?’; जीतू पटवारी ने साधा निशाना


रीवा। देशभर में E20 पेट्रोल को लेकर चल रही बहस के बीच रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा के एक बयान ने मध्य प्रदेश की सियासत को गरमा दिया है। रविवार को रीवा एयरपोर्ट पर हवाई सेवाओं के शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान सांसद ने पेट्रोल में एथेनॉल मिलाए जाने का समर्थन करते हुए E20 का विरोध करने वालों पर तीखी टिप्पणी कर दी। उनका बयान सामने आने के बाद वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

कार्यक्रम में देश में बढ़ती पेट्रोल की मांग और एथेनॉल मिश्रण का जिक्र करते हुए सांसद जनार्दन मिश्रा ने कहा कि जब केंद्र सरकार ने पेट्रोल में 20 प्रतिशत एथेनॉल मिलाने की बात कही, तो इसका विरोध किया जा रहा है। इसी दौरान उन्होंने टिप्पणी की “शुद्ध पेट्रोल तुम्हारे बाप के यहां से आएगा? शुद्ध पेट्रोल है ही नहीं देश में, तो कहां से आएगा?

एथेनॉल के समर्थन में गिनाए तर्क


सांसद ने अपने बयान में एथेनॉल के इस्तेमाल का समर्थन करते हुए ब्राजील का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि वहां बड़े पैमाने पर एथेनॉल का उत्पादन और इस्तेमाल किया जाता है। उनका दावा था कि ऑटोमोबाइल कंपनियां भी एथेनॉल मिश्रित ईंधन के इस्तेमाल को लेकर इंजन की क्षमता पर भरोसा जता रही हैं।

उन्होंने कहा कि भारत में भी वाहन एथेनॉल से चलने में सक्षम हैं, लेकिन इसके बावजूद लोग एथेनॉल का विरोध कर रहे हैं।

वीडियो वायरल होने के बाद प्रतिक्रियाओं का दौर

सांसद का बयान सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं का दौर शुरू हो गया। कुछ लोगों ने उनकी भाषा और टिप्पणी की आलोचना की, जबकि कुछ समर्थकों ने इसे उनका बेबाक और स्थानीय अंदाज बताया। जनार्दन मिश्रा इससे पहले भी अपने स्पष्ट और कई बार विवादित बयानों को लेकर चर्चा में रह चुके हैं।

जीतू पटवारी ने साधा निशाना



सांसद के बयान पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भी हमला बोला। पटवारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर सांसद का वीडियो साझा करते हुए उनके बयान को लेकर सवाल उठाए।

पटवारी ने कहा कि रीवा से चुने गए सांसद का यह बयान सत्ता की ठसक, जनमत की कुर्सी के अहंकार और पेट्रोल से परेशान नागरिकों के प्रति नफरत को दर्शाता है।

E20 पेट्रोल को लेकर पहले से चल रही बहस के बीच सांसद के इस बयान ने मुद्दे को राजनीतिक रंग दे दिया है। अब सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक गलियारों तक इस टिप्पणी को लेकर चर्चा तेज हो गई है।




और नया पुराने