Breaking

जल्दी खाना देने को लेकर विवाद, बड़े भाई ने छोटे पर हंसिया से किया हमला; गंभीर घायल

 


जबलपुर। भेड़ाघाट थाना क्षेत्र के ग्राम हीरापुर बंधा में जल्दी खाना देने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। शराब के नशे में घर पहुंचे छोटे भाई द्वारा गाली-गलौज करने से नाराज बड़े भाई ने उस पर हंसिया से हमला कर दिया। हमले में युवक के सिर, चेहरे, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। घायल को उपचार के लिए शासकीय मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जल्दी खाना देने को लेकर शुरू हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार ग्राम हीरापुर बंधा निवासी हक्कू भूमिया का छोटा बेटा कृष्णा शराब के नशे में घर पहुंचा था। उसने अपने बड़े भाई प्रकाश से जल्दी खाना देने की जिद की। प्रकाश ने उसे समझाते हुए कहा कि खाना बन रहा है और तैयार होने के बाद खाना दे दिया जाएगा।

बताया गया कि इसी बात को लेकर कृष्णा गाली-गलौज करने लगा। छोटे भाई की गाली-गलौज से प्रकाश नाराज हो गया और विवाद बढ़ गया।

सब्जी काटने वाले हंसिए से किया हमला

विवाद के दौरान प्रकाश ने सब्जी काटने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे हंसिए से कृष्णा पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से घर में चीख-पुकार मच गई।

हमले में कृष्णा के सिर, चेहरे, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं। खून से लथपथ कृष्णा की चीख सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।

लोगों को आता देख आरोपी फरार

लोगों के पहुंचने के बाद आरोपी प्रकाश मौके से भाग निकला। परिजनों और आसपास के लोगों ने घायल कृष्णा को तत्काल उपचार के लिए शासकीय मेडिकल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत को देखते हुए उसे भर्ती कर लिया।

पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की तलाश

घटना की सूचना मिलते ही भेड़ाघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी ली। पुलिस ने प्रकाश भूमिया के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस की टीमें आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। मामले में पुलिस द्वारा घटना के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

और नया पुराने