Breaking

जबलपुर में रेस्टोरेंट कर्मचारी मुस्कान की चाकू से हत्या, CCTV में दो सेकेंड में चार वार; आरोपी गिरफ्तार

 


जबलपुर। महफिल रेस्टोरेंट में काम करने वाली युवती मुस्कान चौधरी की उसके साथी कर्मचारी पवन ने चाकू मारकर हत्या कर दी। वारदात का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है, जिसमें आरोपी महज दो सेकेंड के भीतर मुस्कान के पेट में चाकू से चार वार करता दिखाई दे रहा है। हमले के बाद आरोपी खून से सना चाकू हाथ में लेकर मौके पर खड़ा रहा, जबकि मुस्कान मदद के लिए चीखती रही।

खाना बनाने को लेकर हुआ था विवाद

घटना 14 अगस्त की रात करीब 8 बजे की बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक मुस्कान और पवन दोनों रेस्टोरेंट की किचन में काम कर रहे थे। खाना बनाने को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद मुस्कान ने मैनेजर से पवन की शिकायत की थी।

पुलिस के अनुसार, शिकायत से नाराज पवन का दोबारा मुस्कान से विवाद हुआ। इसी दौरान उसने किचन में रखा चाकू उठाकर मुस्कान पर हमला कर दिया।

चीख सुनकर पहुंचे कर्मचारी, आरोपी फरार

मुस्कान की चीख सुनकर रेस्टोरेंट के अन्य कर्मचारी किचन में पहुंचे। उस समय मुस्कान गंभीर रूप से घायल हालत में जमीन पर पड़ी थी, जबकि पवन के हाथ में चाकू था। कर्मचारियों को आता देख आरोपी चाकू मौके पर फेंककर फरार हो गया।

कर्मचारियों ने घायल मुस्कान को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

पहले भी विवादों में रहा था आरोपी

पुलिस जांच में सामने आया है कि पवन गुस्सैल स्वभाव का था और काम के दौरान कर्मचारियों से उसका विवाद होता रहता था। रेस्टोरेंट के मैनेजर और मालिक उसे पहले भी कई बार डांट चुके थे। पुलिस के मुताबिक करीब एक साल पहले भी एक युवती से विवाद के बाद पवन ने जहर खाकर आत्महत्या की कोशिश की थी।

शिकायत को हत्या की मुख्य वजह मान रही पुलिस

एएसपी सूर्यकांत शर्मा के मुताबिक प्रारंभिक जांच में मुस्कान द्वारा पवन की मैनेजर से की गई शिकायत को हत्या की मुख्य वजह माना जा रहा है। पुलिस ने आरोपी पवन को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।

पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

और नया पुराने