Breaking

जबलपुर-सिवनी हाईवे पर चलते कंटेनर में लगी भीषण आग, चालक-परिचालक ने कूदकर बचाई जान



 जबलपुर। जबलपुर-सिवनी राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बंजारी माता मंदिर के पास हाईवे से गुजर रहे एक तेज रफ्तार कंटेनर में अचानक भीषण आग लग गई। कुछ ही पलों में आग ने पूरे कंटेनर को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते सड़क पर धुएं का काला गुबार छा गया और राहगीरों व वाहन चालकों में हड़कंप मच गया।

सूझबूझ से बची चालक-परिचालक की जान

हादसे के वक्त कंटेनर में चालक और परिचालक दोनों मौजूद थे। वाहन से धुआं उठता देख दोनों ने बिना देर किए सूझबूझ का परिचय दिया और चलती गाड़ी से नीचे कूद गए। समय रहते वाहन से बाहर निकलने के कारण दोनों सुरक्षित बच गए और बड़ा हादसा टल गया।

हाईवे पर लगा लंबा जाम

कंटेनर में आग की विकराल लपटें देखकर आसपास के लोगों और अन्य वाहन चालकों में दहशत फैल गई। सुरक्षा को देखते हुए हाईवे के दोनों ओर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई। इसके चलते राष्ट्रीय राजमार्ग पर काफी देर तक यातायात बाधित रहा और लंबा जाम लग गया।

दमकल ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद कंटेनर में लगी आग पर काबू पाने का प्रयास किया। प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है, हालांकि आग के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

और नया पुराने