Breaking

छत पर बना रखा था शराब पिलाने का अड्डा, पुलिस की दबिश में 318 पाव देशी शराब जब्त

 



जबलपुर। गोरखपुर थाना क्षेत्र के मांडवा बस्ती, रामपुर में बिल्डिंग की छत को कथित तौर पर अवैध शराब कारोबार का अड्डा बनाए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने बीती रात दबिश देकर एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी छत पर लोगों को बैठाकर शराब पिलाने के साथ ही शराब की बिक्री भी कर रहा था।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मांडवा टेंडर बस्ती निवासी सुमित गौड़ उर्फ पीके लंबे समय से बिल्डिंग की छत पर शराब का अवैध कारोबार कर रहा था। यहां शराब खरीदने वाले लोगों को बैठाकर शराब पिलाए जाने की भी शिकायत पुलिस को मिली थी।

सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर छत पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद शराब खरीदने और पीने वाले लोगों में भगदड़ मच गई। इस दौरान पुलिस ने सुमित गौड़ को भागने से पहले पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 318 पाव देशी शराब बरामद होने की बात पुलिस ने कही है।

अंकित के कहने पर शराब बेचने का दावा

पुलिस पूछताछ में आरोपी सुमित ने कथित तौर पर बताया कि वह अंकित रैकवार के कहने पर शराब बेच रहा था और अंकित ही उसे शराब उपलब्ध कराता था। पुलिस ने सुमित के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है और अब अंकित रैकवार की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

सिहोरा में भी दो आरोपी गिरफ्तार


इधर, सिहोरा थाना क्षेत्र के हड़ा मोहल्ला में भी पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई की। पुलिस ने बाइक सवार रोहित दाहिया (26), निवासी ग्राम नैगवां और पवन कोल (19), निवासी हड़ा मोहल्ला को पकड़ा।

पुलिस के अनुसार दोनों के कब्जे से दो पेटियों में रखी 100 पाव देशी शराब जब्त की गई है। दोनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
और नया पुराने