Breaking

जबलपुर में निगमायुक्त का औचक निरीक्षण, चौहानी मुक्तिधाम समेत मार्गों की व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश

 


जबलपुर। शहर में स्वच्छता, हरियाली और बुनियादी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने गौरीघाट मार्ग से मेडिकल अस्पताल मार्ग तक औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चौहानी मुक्तिधाम परिसर पहुंचकर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान गोरखपुर एसडीएम अनुराग सिंह, अधीक्षण यंत्री कमलेश श्रीवास्तव, स्वास्थ्य अधिकारी अभिनव मिश्रा, उद्यान अधिकारी मनीष तड़से, सहायक स्वास्थ्य अधिकारी अनिल बारी, सहायक यंत्री कविश मिश्रा, अर्पित नेमा, उपयंत्री सौरभ चौकसे और पटवारी नीरज सहित प्रशासनिक एवं निगम का अमला मौजूद रहा।

अधिकारियों ने पूरे क्षेत्र में पैदल भ्रमण कर मुख्य सड़कों, नालियों और सड़क डिवाइडरों की स्थिति देखी। निगमायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को पूरे परिक्षेत्र का कायाकल्प करने और व्यवस्थाओं को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

अवैध कब्जों और गंदगी पर सख्ती

निरीक्षण के दौरान सड़क किनारे यातायात में बाधा बनने वाले तथा सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फैलाने वाले अस्थायी कब्जों को तत्काल हटाने के निर्देश दिए गए। निगमायुक्त ने स्पष्ट किया कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जल निकासी व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए नालियों की नियमित और गहराई से सफाई कराने पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों को जलभराव की संभावित समस्या वाले स्थानों को चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

पौधरोपण के साथ पौधों की सुरक्षा पर जोर

निगमायुक्त ने उद्यान, लोक निर्माण और स्वास्थ्य शाखा के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने को कहा। उन्होंने नए पौधों के रोपण के साथ उनकी सुरक्षा और देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि क्षेत्र में हरियाली को स्थायी रूप से बढ़ावा मिल सके।

उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को तय समयसीमा में कार्य पूरा करने और गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करने की हिदायत दी।

और नया पुराने