जबलपुर। कटंगी क्षेत्र के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल निदान वाटर फॉल तक पहुंचने वाला मार्ग इन दिनों बदहाली का शिकार है। मार्ग पर बनी जर्जर और क्षतिग्रस्त पुलिया हादसों को न्योता दे रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार पुलिया की हालत करीब दो वर्षों से खराब है, लेकिन अब तक इसका स्थायी सुधार नहीं कराया गया। इसके चलते ग्रामीणों के साथ-साथ यहां आने वाले पर्यटकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मंगलवार को फिर हुआ हादसा
मंगलवार को क्षतिग्रस्त पुलिया के कारण एक बार फिर हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार निदान वाटर फॉल से लौट रही काले रंग की बोलेरो पुलिया से गुजर रही थी। इसी दौरान मार्ग के किनारे की मिट्टी धंस गई, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में वाहन में सवार एक व्यक्ति को चोट आई, जबकि अन्य लोग सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
बारिश में बढ़ जाता है खतरा
बरसात के मौसम में निदान वाटर फॉल की खूबसूरती देखने के लिए आसपास के क्षेत्रों के साथ-साथ दूर-दराज से भी बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। बारिश के दिनों में यहां सैकड़ों से लेकर हजारों पर्यटकों की आवाजाही होती है। ऐसे में जर्जर पुलिया और खराब रास्ता किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिया की हालत लंबे समय से खराब है और पूर्व में भी यहां छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। इसके बावजूद संबंधित विभाग द्वारा अब तक स्थायी सुधार कार्य नहीं कराया गया है।
क्या बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहा प्रशासन?
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि पुलिया की खराब हालत की जानकारी होने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं। लोगों का कहना है कि समय रहते पुलिया की मरम्मत या नए निर्माण के साथ मार्ग को सुरक्षित नहीं किया गया तो बारिश के दौरान कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
पुलिया के स्थायी निर्माण की मांग
स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों ने प्रशासन से निदान वाटर फॉल जाने वाले मार्ग का तत्काल निरीक्षण कराने, क्षतिग्रस्त पुलिया का स्थायी निर्माण कराने और मार्ग पर आवश्यक सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि पर्यटन स्थल होने के कारण यहां आने वाले पर्यटकों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
