Breaking

कछपुरा में शासकीय सीलिंग भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई, 80 फीसदी निर्माण ध्वस्त



जबलपुर। कछपुरा क्षेत्र में शासकीय सीलिंग भूमि पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ अधारताल तहसील के राजस्व अमले ने मंगलवार को कार्रवाई की। प्रशासन की टीम जेसीबी मशीन के साथ मौके पर पहुंची और करीब 3,500 वर्गफुट शासकीय जमीन से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की। कार्रवाई के दौरान निर्माण का करीब 80 फीसदी हिस्सा ध्वस्त कर दिया गया।

तहसीलदार अधारताल के अनुसार कछपुरा स्थित उक्त भूमि शासकीय सीलिंग भूमि के रूप में दर्ज है। इस जमीन पर आजाद चौक निवासी मनीष गुप्ता द्वारा ‘गणेश मंडपम’ नाम से भवन का निर्माण किया गया था।

नोटिस के बाद भी नहीं हटाया अतिक्रमण

राजस्व विभाग के मुताबिक शासकीय जमीन पर निर्माण किए जाने के संबंध में संबंधित व्यक्ति को न्यायालय तहसीलदार अधारताल के माध्यम से पूर्व में नोटिस जारी किया गया था। नोटिस में शासकीय भूमि से अतिक्रमण स्वयं हटाने के निर्देश दिए गए थे।

निर्धारित समय सीमा में अतिक्रमण नहीं हटाए जाने के बाद प्रशासन ने सख्ती बरतते हुए मौके पर जेसीबी पहुंचाई और अवैध निर्माण को हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी। राजस्व अमले की मौजूदगी में भवन के बड़े हिस्से को ध्वस्त किया गया।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शासकीय भूमि पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

और नया पुराने