समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त ओमप्रकाश रावत रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर मुख्य सचिव एवं बरकतुल्लाह विश्वविद्यालय के कुलगुरु अनुपम राजन ने की। पूर्व सांसद एवं मध्य प्रदेश राष्ट्रभाषा प्रचार समिति के कार्याध्यक्ष रघुनंदन शर्मा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संयोजन वरिष्ठ पत्रकार एवं पद्मश्री विजय दत्त श्रीधर ने किया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद परितोष वर्मा ने कहा कि उन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत अपने पिता और प्रदेश के वरिष्ठ पत्रकार तथा दैनिक जयलोक के संस्थापक अजित वर्मा के मार्गदर्शन में की। उन्होंने कहा कि उनके पिता ही पत्रकारिता में उनके गुरु रहे हैं। वर्मा ने कहा कि इस तरह के पुरस्कार पत्रकारों को अपने कर्तव्य और जिम्मेदारियों का बोध कराते हैं।
उन्होंने महाकौशल पत्रकारिता पुरस्कार के लिए चयनित किए जाने पर सप्रे संग्रहालय के प्रमुख एवं वरिष्ठ पत्रकार विजय दत्त श्रीधर के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उनके लिए प्रेरणा का स्रोत है और पत्रकारिता के प्रति जिम्मेदारी को और मजबूत करता है।
