नई दिल्ली। बैंक में आरटीजीएस सुविधा का प्रतिदिन देशभर में लाखों लोगों को फायदा मिलता है। इस मामले में जानकारी देते हुए सोमवार को रिजर्व बैंक ने कहा कि डिजिटल भुगतान रियल टाइम ग्रॉस सेट्लमेंट (आरटीजीएस) की सुविधा रविवार 18 अप्रैल को 14 घंटे के लिए बंद रहेगी। आरबीआई ने एक बयान में कहा है कि आरजीटीएस में तकनीकी सुधार कार्य के चलते ऐसा किया जा रहा है।
बताया गया है कि इसके लिए 17 अप्रैल शनिवार की मध्यरात्रि से रविवार दोपहर 2 बजे तक यह सुविधा बंद रहेगी। हालांकि इस दौरान नेशनल इलेक्ट्रॉनिक फंड्स ट्रांसफर (एनईएफटी) की सुविधा जारी रहेगी। आरबीआई ने बैंकों से कहा है कि वह अपने-अपने ग्राहकों को सूचित कर दें कि वे इसके पूर्व ही भुगतान को सुचारु रखने की योजना बना लें। गौरतलब है कि बैंकिंग सुविधा का उपयोग करने वालों का एक बड़ा हिस्सा लेन-देन के लिए आरटीजीएस का उपयोग करता है।