Breaking

विधायक विश्नोई ने दी अत्याधुनिक एम्बुलेंस की सौगात



जबलपुर। मप्र के सीएम शिवराज सिंह चौहान को सोशल मीडिया के माध्यम से समय-समय पर सुझाव देने वाले पाटन के भाजपा विधायक अजय विश्नोई ने धरातल पर भी काम रहे हैं। वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मझौली को आधुनिक सुविधायुक्त एक एम्बुलेन्स दी है। कोरोना संक्रमण के बीच ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधा के लिहाज से यह एम्बुलेंस वरदान साबित होगी। मंगलवार को विधायक अजय विश्नोई ने अत्याधुनिक एम्बुलेंस मझौली सीएचसी को सौंपी गई। इसका संचालन हो सके, इसके लिए क्षेत्र के 21 बीजेपी कार्यकर्ता पांच-पांच हजार रुपए हर साल देंगे। इससे पहले इसी तरह की एम्बुलेंस वह पाटन अस्पताल को भी दे चुके हैं।

पाटन विधायक अजय विश्नोई ने बताया कि यह एक हाई एंड एम्बुलेंस है। एसी युक्त इस एम्बुलेंस में ऑक्सीजन, माॅनीटर, सब मशीन लगाने की व्यवस्था है। दो मरीज और चार अटेंडर एक साथ इसमें बैठ सकते हैं। डॉक्टर इसमें खड़े-खड़े इलाज कर सकते हैं। इसमें दवाओं के लिए कम्पार्टमेंट बनाए गए हैं।

दो महीने पहले पाटन को भी दे चुके हैं इसी तरह का एम्बुलेंस
पाटन विधायक के मुताबिक दो महीने पहले वह पाटन को भी इसी तरह का अत्याधुनिक एम्बुलेंस दे चुके हैं। इसके संचालन के लिए पाटन में 27 बीजेपी कार्यकर्ता सामने आ चुके हैं, जो हर साल पांच-पांच हजार रुपए इसके संचालन के लिए देंगे। वहीं मझौली अस्पताल के लिए दिए गए एम्बुलेंस के संचालन के लिए भी 21 बीजेपी कार्यकर्ता सामने आ चुके हैं। ये भी हर साल पांच-पांच हजार रुपए देंगे।

झंडी दिखाकर किया रवाना
विधायक विश्नोई ने कोरोना महामारी से बचाव के लिए सीएचसी मझौली के लिए अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस एम्बुलेंस को सुबह 11 बजे नौदरा ब्रिज स्थित कार्यालय से हरी झंडी दिखाई। इस मौके पर कलेक्टर कर्मवीर शर्मा, प्रभारी सीएचएचओ डॉक्टर संजय मिश्रा, सिविल सर्जन, डीएचओ, डॉक्टर अभिजीत विश्नोई सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
और नया पुराने