मंडला। जबलपुर-रायपुर मार्ग पर सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। घटना यहां से करीब 20 किलोमीटर दूर हुई जहां राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर इनकी कार शनिवार रात बबैहा नाले के पुल से करीब 30 फीट नीचे गिर गई थी। तमाम कोषिषों के बाद कार और दोनों युवकों के शव रविवार को दिन में निकाले जा सके। दोनों युवक विष्णु पुत्र आशाराम प्रधान और आदर्श पुत्र चिरौंजी मांडवे पदमी नारायणगंज, जिला मंडला के निवासी थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दोनों युवक भोपाल जाने के लिए कार एमपी 20 सीजे 4999 से शनिवार रात करीब नौ बजे निकले थे। सवा दस बजे कार बबैहा पुल के नजदीक पहुंची। तभी अनियंत्रित होकर वहां रखे मुरम के ढेर पर चढ़ते हुए पेड़ को तोड़कर सीधे पुल से नीचे जा गिरी। पीछे आ रहे अन्य वाहन चालकों ने इस हादसे को देखा और स्थानीय ग्रामीणों सहित पुलिस को सूचना दी। रात में ही उनकी तलाश शुरू की गई लेकिन सफलता नहीं मिली। रविवार कीे सुबह फिर से अभियान चलाया गया।
नाले में था ज्यादा पानी-
बताया गया है कि नाला में बरगी बांध का बैक वाटर होने से पानी अधिक था। दुर्घटनाग्रस्त कार गहरे पानी में डूब गई। घटना के करीब 12 घंटे बाद रेस्क्यू टीम द्वारा कार को तलाश कर उसे बाहर निकाला गया है। इसके साथ ही पुलिस व गोताखोरों ने डूबे हुए युवकों के षव भी बरामद कर लिए हैं।
