इंदौर। प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में अब सरकारी कार्यालयों में तभी प्रवेश मिल सकेगा जब वे वैक्सीन लगवाने का सर्टिफिकेट साथ में लेकर आएंगे। मध्यप्रदेश के इस प्रमुख शहर में कोरोना प्रभावितों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। ऐसे में जिला प्रशासन वैक्सीनेशन को बढ़ावा देने के लिए अब एक नया आदेश जारी करने जा रहा है, जिसके तहत सरकारी दफ्तर में जाने वाले 45 साल से ज्यादा उम्र के लोगों को अपने साथ वैक्सीनेशन का सर्टिफिकेट लाना अनिवार्य होगा। तभी उन्हें सरकारी दफ्तरों में एंट्री मिलेगी।
सरकारी कर्मचारियों को वैक्सीन लगवाना जरूरी
इंदौर में सरकारी कर्मचारियों को वैक्सीन लगवाना जरूरी है, अगर किसी सरकारी कर्मचारी ने वैक्सीन नहीं लगवाई तो उसे सरकारी दफ्तर में आने की अनुमति नहीं रहेगी। बताया गया है कि यह नया नियम 15 अप्रेल से इंदौर के सरकारी दफ्तरों में लागू कर दिया जाएगा। वहीं प्रशासन की मानें तो कोरोना संक्रमण से होने वाली मौत में 45 साल से ज्यादा उम्र के लोग शामिल हैं।