छत्तीसगढ़ । छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर और सुकमा बॉर्डर पर नक्सलियों और सुरक्षाबलों के बीच हुई मुठभेड़ में 22 जवान शहीद हो गए, जबकि 31 जवान घायल हो गए। एक जवान लापता बताया जा रहा है। इस मुठभेड़ में कई नक्सलियों की भी मौत हुई है। जिस जगह पर ये मुठभेड़ हुई वहां नक्सलियों ने घात लगाकर जवानों पर हमला किया और उन्हें घेरकर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
वहां जगह-जगह पर जवानों के शव बिखरे हुए थे। 7 जवानों के शव इस गांव में मौजूद थे और 7 जवानों के शव एक मैदान में थे। ये सभी जवान ऑपरेशन से वापस लौट गए थे। ये पूरा इलाका सबसे ज्यादा नक्सली प्रभावित है।
गृह मंत्री अमित शाह ने शहीद होने की घटना के मद्देनजर रविवार को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के महानिदेशक कुलदीप सिंह को स्थिति का जायजा लेने के लिए राज्य जाने को कहा। अधिकारियों ने बताया कि शाह ने राज्य के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से भी बात की और हालात का जायजा लिया। छत्तीसगढ़ सरकार के एक प्रवक्ता ने बताया कि बघेल ने शाह को मुठभेड़ की जानकारी देते हुए कहा कि नक्सलियों ने केवल अपनी मौजूदगी दिखाने के लिए हिंसा की है, क्योंकि लोगों का माओवादी विचारधारा से मोह भंग हो रहा है।
इससे पहले, अमित शाह ने ट्वीट किया, 'छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के साथ मुठभेड़ में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि देता हूं। मैं उनके परिवार व देश को विश्वास दिलाता हूं कि जवानों ने देश के लिए जो अपना बलिदान दिया है वो व्यर्थ नहीं जाएगा। नक्सलियों के खिलाफ हमारी लड़ाई और मजबूत होगी व हम इसे परिणाम तक ले जाएंगे।'
