कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में पश्चिम बंगाल की 30 और असम की 39 सीटों पर आज वोटिंग होने जा रही है. बंगाल में 75 लाख वोटर्स 191 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे। लेकिन, इस चरण में सबकी नजरें हाई प्रोफाइल नंदीग्राम सीट पर टिकी है, जहां मुख्यमंत्री ममता बनर्जी अपने पूर्व सहयोगी और बीजेपी उम्मीदवार शुभेंदु अधिकारी के खिलाफ मैदान में हैं। पूर्व मेदिनीपुर शुभेंदु अधिकारी का गृह जिला है और इसी जिले में नंदीग्राम सीट आती है। नंदीग्राम में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, बीजेपी के शुभेंदु अधिकारी और सीपीएम की मिनाक्षी मुखर्जी के बीच आज फैसला होना है।
कड़ी तैयारियों के साथ वोटिंग सख्त कोविड-19 दिशा-निर्देशों के बीच होगी। बंगाल में पश्चिम मेदिनीपुर की 9 सीटों, बांकुड़ा की 8, दक्षिण 24 परगना की 4 और पूर्व मेदिनीपुर की 9 सीटों पर आज सुबह 7 बजे से वोट डाले जाएंगे। तृणमूल कांग्रेस और भाजपा इस चरण की सभी 30 सीटों पर चुनाव लड़ रही हैं, जबकि माकपा ने 15 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारें हैं। वहीं संजुक्त (संयुक्त) मोर्चा में शामिल कांग्रेस ने 13 सीटों पर और आईएसएफ ने दो सीटों पर अपने प्रत्याशी खड़े किए हैं।