
जबलपुर। भेड़ाघाट के सभी पर्यटन स्थलों के डेवलपमेंट की सभी योजनाओं के काम जल्द ही तेजी से पूरे किए जाएँगे। वर्ल्ड हैरिटेज की संभावित सूची में शामिल होने के बाद भेड़ाघाट के विकास को लेकर केन्द्रीय संस्कृति मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल खुद सक्रियता से काम कर रहे हैं, यही वजह है कि विश्व योगा दिवस पर देश के प्रमुख बड़े आयोजनों में से एक भेड़ाघाट में आयोजित किया जा रहा है।
इस कार्यक्रम की रूपरेखा बनाने के लिए केन्द्रीय संस्कृति मंत्रालय के 10 से ज्यादा बड़े अधिकारी कई दिनों से जबलपुर प्रवास पर हैं। इस टीम ने योगा दिवस कार्यक्रम के साथ भेड़ाघाट के सभी स्थानों का निरीक्षण करके रिपोर्ट तैयार की है।
चौसठ योगिनी-त्रिपुर सुंदरी मंदिरों पर फोकस
संस्कृतिक मंत्रालय की टीम ने भेड़ाघाट के धुआँधार समेत दूसरे नेच्युरल स्पॉटों में प्राकृतिक तरीकों से विकास के कार्य कैसे पूरे किए जाएँ इसको लेकर जाँच की। सबसे ज्यादा फोकस चौसठ योगिनी और त्रिपुर सुंदरी मंदिरों के प्रोजेक्टों पर रहा। चौसठ योगिनी मंदिर तक सुलभ पहुँच मार्ग के लिए बनने वाले रैंप के डिजाइन के साथ मूर्तियों के प्रतिकृति म्यूजियम के निर्माण संबंध में तकनीकी जानकारियाँ जुटाई गईं। त्रिपुरी सुंदरी मंदिर के पीछे चल रही पुरातत्व विभाग की खुदाई में निकलीं 7वीं सदी की मूर्तियों का निरीक्षण किया गया।
