कर्नाटक में किलकिल: नेतृत्व परिवर्तन के लिए भाजपा-कांग्रेस में चल रहा घमासान - Khabri Guru

Breaking

कर्नाटक में किलकिल: नेतृत्व परिवर्तन के लिए भाजपा-कांग्रेस में चल रहा घमासान



बेंगलुरू। कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन की तरफ इशारा करने वाले ऑडियो क्लिप के वायरल होने के एक दिन बाद भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष नलिन कुमार कतील ने उसे भर्जी बताया। साथ ही उन्होंने ऑडियो क्लिप की जांच की मांग की और कहा कि यह आवाज उनकी नहीं है। कतील ने दिल्ली जाने से पहले कहा कि मैंने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर पूरी जांच का अनुरोध किया है। सच सामने आ जाएगा।

कथित ऑडियो क्लिप में ईश्वरप्पा, जगदीश शेट्टार की पूरी टीम को हटाने और दिल्ली से नए मुख्यमंत्री के चयन किए जाने चर्चा हो रही है। इस ऑडियो क्लिप में मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा के नाम का उल्लेख नहीं किया गया। इसमें सुनाई दे रहा है कि किसी को बताना मत, ईश्वरप्पा, जगदीश शेट्टार की पूरी टीम हटाई जाएगी। हम नई टीम बना रहे हैं। आपको बता दें कि मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा के दिल्ली में पार्टी आलाकमान से मुलाकात के बाद और नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों के बीच यह कथित ऑडियो क्लिप वायरल हो गई। हालांकि कतील ने इसे फर्जी बताया है।

कांग्रेस में भी अंर्तकलह
एक ओर कांग्रेस आलाकमान के लिए पंजाब चुनौती बना हुआ है। वहीं, कर्नाटक से भी कांग्रेस में अंर्तकलह की खबरें सामने आ रही हैं। कर्नाटक में 2023 में विधानसभा के चुनाव होने है। लेकिन उससे पहले ही कांग्रेस दो फाड़ दिख रही है। एक ओर पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया का गुट है तो दूसरी ओर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार हैं। इन सबके बीच सिद्धारमैया दिल्ली दौरे पर हैं। उनकी मुलाकात राहुल गांधी से होगी। माना जा रहा है कि सोनिया गांधी से भी उनकी मुलाकात हो सकती है।

सिद्धारमैया और आलाकमान की मुलाकात में विधानसभा चुनाव को लेकर नेताओं की नियुक्ति और रणनीति पर चर्चा हो सकती है। इन सब के बीच कांग्रेस महासचिव और कर्नाटक के प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला भी राज्य का दौरा कर सकते हैं।

पेज