असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा शर्मा ने कहा कि मुझे यह बताते हुए काफी दुख हो रहा है कि असम पुलिस के छह वीर जवानों ने असम-मिजोरम बॉर्डर पर हमारे प्रदेश की संवैधानिक सीमा की रक्षा करते हुए अपने जान की कुर्बानी दे दी। मैं सभी शोक संतप्त परिवार के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूं। इससे पहले दोनों ही राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने गृह मंत्री अमित शाह से मामले में दखल करने को कहा था।
सोमवार को मिजोरम के सीएम जोरमथंगा ने पुलिस और नागरिकों के बीच झड़प का एक वीडियो गृह मंत्री अमित शाह और प्रधानमंत्री कार्यालय को टैग करते हुए ट्वीट किया है। इस मामले पर तुरंत कार्रवाई करने की मांग की गयी है। उन्होंने एक अन्य वीडियो ट्वीट किया है। वीडियो में एक गाड़ी के शीशे टूटे हुए दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने वीडियो के साथ लिखा है कि मिजोरम लौट रहे निर्दोष लोगों के साथ गुंडागर्दी की गई है। इस तरह की हिंसक घटनाओं को आप कैसे जस्टिफाई करेंगे।
सीमा विवाद को लेकर सोमवार शाम गृह मंत्री अमित शाह ने दोनों राज्यों के मुख्यमंत्री से बात की है। उन्होंने दोनों राज्यों से विवाद सुलझाने को कहा। मुख्यमंत्रियों ने गृह मंत्री को विवाद सुलझाने और मामले को जल्द ठंडा करने का भरोसा दिया है।
