कांग्रेस : अब छत्तीसगढ़ में रार, विधानसभा की कार्यवाही छोड़कर सदन से निकले स्वास्थ्य मंत्री - Khabri Guru

Breaking

कांग्रेस : अब छत्तीसगढ़ में रार, विधानसभा की कार्यवाही छोड़कर सदन से निकले स्वास्थ्य मंत्री



रायपुर। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार में विवाद बढ़ गया है। कांग्रेस विधायक बृहस्पति सिंह के आरोपों पर स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंह देव भी अब आरपार के मूड में हैं। सोमवार को इसे लेकर सदन में जबरदस्त हंगामा हुआ था। कांग्रेस विधायक ने टीएस सिंह देव पर अपनी हत्या की साजिश का आरोप लगाया था। इसके बाद सदन में बीजेपी ने मामले में जांच की मांग की थी। टीएस सिंह देव ने आज सदन में अपनी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है और सदन से बाहर निकल गए।

टीएस सिंह देव ने सदन में कहा कि मैं केवल ये कहने के लिए खड़ा हुआ हूं कि मेरे विषय में सदन में शासन का स्पष्ट वक्तव्य नहीं आ जाता, तब तक मैं खुद को सदन की कार्यवाही में सम्मिलित होने के योग्य नहीं समझता हूं। इसके बाद टीएस सिंह देव अपने आवास के लिए निकल गए। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार टीएस सिंह देव आज दिल्ली निकल सकते हैं। वहां केंद्रीय नेताओं से उनकी मुलाकात संभव है।

क्या है विवाद
दरअसल, कांग्रेस विधायक बृहस्पति सिंह ने स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंह देव पर आरोप लगाया था कि वह मेरी हत्या करवाकर सीएम बनना चाहते हैं। इसके बाद से प्रदेश की राजनीति में हड़कंप मच गया है। टीएस सिंह देव ने इन आरोपों पर कहा था कि वह भावनाओं में बह कर ऐसा कह गए होंगे। उसके बाद सोमवार को इसे लेकर प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया रायपुर में एक्टिव रहे और नेताओं से मिलते रहे। विनम्र स्वभाव के टीएस सिंह देव इसी से आहत हुए हैं। वहीं, पूरे मसले पर सरकार की तरफ से कोई सफाई नहीं आई है। इससे उन्हें और चोट पहुंची है। आरोप लगाने वाले विधायक भूपेश बघेल के समर्थक हैं।

समाप्त हो गया विवाद
इस प्रकरण को लेकर कांग्रेस प्रभारी पीएल पुनिया ने सदन में जाकर सीएम भूपेश बघेल से मुलाकात की थी। पूरे मसले पर उनसे बात हुई थी। साथ ही टीएस सिंह देव और विधायक बृहस्पति सिंह से भी उनकी बात हुई थी। मुलाकात के बाद उन्होंने कहा था कि अब कोई विवाद नहीं है। सारे विवाद खत्म हो गए हैं। मंगलवार को टीएस सिंह देव ने खुद ही मोर्चा खोल दिया है। अब सीधे उन्हें शासन पर हमला कर दिया है। अब गेंद भूपेश सरकार के पाले में है कि वह क्या जवाब देती है। मगर सदन की कार्यवाही से बाहर निकलकर कांग्रेस की टेंशन बढ़ा दी है।

पेज