कन्यादान घोटाले में सीईओ सहित तीन गिरफ्तार, EOW कर रही है जांच - Khabri Guru

Breaking

कन्यादान घोटाले में सीईओ सहित तीन गिरफ्तार, EOW कर रही है जांच



भोपाल। मध्य प्रदेश के विदिशा जिले के सिरोंज में मुख्यमंत्री कन्यादान योजना घोटाला मामले में सिरोंज जनपद के सीईओ को गिरफ्तार कर लिया गया है। सीईओ के अलावा दो अन्य लोगों की भी गिरफ्तारी हुई है। इन पर मुख्यमंत्री कन्यादान योजना में फर्जीवाड़ा करने का आरोप है।

दरअसल ईओडब्ल्यू ने सिरोंज जनपद के सीईओ शोभित त्रिपाठी सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। जिसकी पुष्टि खुद ईओडब्ल्यू के डीजी अजय शर्मा ने की है। अजय शर्मा ने कहा है कि ईओडब्ल्यू अभी इन लोगों से पूछताछ कर रही है। बताया जा रहा है कि सीईओ शोभित त्रिपाठी पर मुख्यमंत्री कन्यादान योजना में 18 करोड़ से अधिक का घोटाला करने का आरोप है। शोभित त्रिपाठी पर आरोप है कि उन्होंने मुख्यमंत्री कन्यादान योजना से पैसों की निकासी के लिए कागज पर 3,500 जोड़ों की शादी करा दी।

वहीं यह घोटाला दिसंबर महीने में उस वक्त उजागर हुआ था जब सिरोंज से बीजेपी के ही विधायक ने इसे विधानसभा में उठाया था। उमाकांत शर्मा ने शीतकालीन सत्र के दौरान विधानसभा में बताया था कि मुख्यमंत्री कन्यादान योजना में सिरोंज जनपद में बड़ा घोटाला हुआ है।

इसी के साथ ही प्रश्न काल के दौरान उमाकांत शर्मा ने कहा था कि कोरोना काल में सिरोंज जनपद में 6 हजार विवाह हुए। इसके लिए विवाह सहायता योजना के तहत भवन व अन्य सनिर्माण कर्मकार कल्याण मंडल में पंजीकृत श्रमिकों की पुत्रियों के विवाह में कन्यादान के नाम पर 51-51 हजार की राशि आवंटित की गई।

उमाकांत शर्मा ने कोरोना काल में इतनी बड़ी संख्या में विवाह होने का मसला उठाते हुए रिश्वतखोरी का आरोप भी लगाया था। उन्होंने कहा था कि इसके लिए 20-20 हजार की रिश्वत ली गई। इसके जवाब में श्रम मंत्री बृजेंद्र सिंह ने भी स्वीकारा था कि सरकार को सिरोंज जनपद में विवाह सहायता योजना में भ्रष्टाचार की शिकायत मिली है।

आपको बता दें कि यह मसला उठाए जाने के बाद विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम ने भी चिंता जाहिर की थी। गिरीश गौतम ने सदन की कार्यवाही के दौरान शिवराज सरकार को इस मामले की गहन पड़ताल करने के लिए कहा था। उमाकांत शर्मा ने सिरोंज जनपद के सीईओ को इस पूरे मामले का मुख्य आरोपी करार दिया था।

वहीं इस बात की भी चर्चा हो रही है कि आरोपी सीईओ कैनिेट मंत्री गोपाल भार्गव की साढू भाई हैं। जिसकी वजह से कांग्रेस को एक मुद्दा हाथ लग गया है। 

पेज