जबलपुर। संभवतः यह पहला मौका होगा, जब संस्कारधानी जबलपुर से तीन राजनेताओं को संसद में एक साथ कर्तव्य निर्वाहन का मौका मिलेगा। लोकसभा सदस्य राकेश सिंह के अलावा राज्यसभा सदस्य के तौर पर विवेक तन्खा और सुमित्रा बाल्मीकि भी संसद सदस्य के तौर पर जबलपुर का नाम रोशन करेंगे। आज भारतीय जनता पार्टी ने राज्यसभा चुनाव के लिए जिन चार उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया है, उनमें जबलपुर की सक्रिय महिला नेत्री सुमित्रा बाल्मीकि का नाम भी शुमार है।
भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने सोमवार को राज्यसभा निर्वाचन हेतु 4 नामों की घोषणा की। जिसमें मध्य प्रदेश से बीजेपी की प्रदेश उपाध्यक्ष सुमित्रा वाल्मीकि का नाम भी शामिल है। जैसे ही उनके नाम की जानकारी शहरवासियों को लगी वैसे ही एक खुशी की लहर छा गई
सफल जननेत्री के तौर पर पहचान
भाजपा नेत्री श्रीमती सुमित्रा बाल्मीकि की पहचान शहर में एक सफल जन नेत्री के तौर पर विख्यात है। वे कैंट विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत उपनगरीय क्षेत्र रांझी के एक वार्ड से पार्षद के तौर पर चुनकर नगर निगम सदन में प्रतिनिधित्व कर चुकी है। एमआईसी सदस्य के तौर पर उनकी खास पहचान बनी और उससे ज्यादा उपलब्धि पूर्ण कार्यकाल उनका अध्यक्ष के रूप में रहा। सदन की गरिमा के अनुकूल सभा का संचालन, नियमों की जानकारी और उनका शालीन व्यवहार उनकी खास पहचान बन गया था।
संगठन के प्रति समर्पण
श्रीमती सुमित्रा बाल्मीकि यूं तो पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ईश्वरदास रोहाणी के मार्गदर्शन में राजनीति करती थी लेकिन उन्होंने सदैव ही संगठन को महत्व दिया। संगठन के प्रति उनका समर्पण प्रदेश और केंद्रीय नेतृत्व भी समझ चुका है। यही वजह है कि श्रीमती बाल्मीकि को संगठन की सेवा का प्रतिफल देते हुए राज्यसभा चुनाव का का प्रत्याशी बनाया गया है।
कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर
आज जैसे ही देर रात श्रीमती बाल्मीकि के नाम की घोषणा की गई वैसे ही कार्यकर्ताओं में अभूतपूर्व खुशी की लहर देखने मिली। हर किसी की जुबां पर बस एक ही बात थी की पार्टी का यह निर्णय आम कार्यकर्ता के लिए उत्साहवर्धक साबित होगा।