जबलपुर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर इस वर्ष जबलपुर में सनातन धर्म महासभा द्वारा 46वीं भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसकी तैयारी को लेकर शास्त्री ब्रिज स्थित प्राचीन नरसिंह मंदिर में महासभा की बैठक हुई। श्रीमद् जगतगुरु नरसिंह पीठाधीश्वर डॉ. स्वामी नरसिंह देवाचार्य जी महाराज ने कहा कि यह पर्व सनातन संस्कृति की जीवंत अभिव्यक्ति है और सभी को 16 अगस्त दोपहर 2 बजे परिवार सहित एकत्र होकर सामूहिक शक्ति का प्रदर्शन करना चाहिए।
बैठक में निर्णय लिया गया कि शोभायात्रा में श्रीकृष्ण लीलाओं की सजीव झांकियां, बैंड-बाजे, ढोल, पुष्पवर्षा और महिला मंडल की भगवा परिधान में सहभागिता होगी। शहर की सभी प्रमुख धार्मिक, सामाजिक संस्थाएं इसमें भाग लेंगी। यादव महासभा, अन्नपूर्णा मंदिर निवाड़गंज, रामलीला समिति गढ़ा, समरसता सेवा संगठन, मालवीय चौक मित्र मंडल समेत 20 से अधिक संस्थाएं आयोजन में शामिल होंगी।
बैठक में श्याम साहनी, अशोक मनोध्या, पं.वासुदेव शास्त्री, पं.संजय गोस्वामी, विष्णु पटेल, प्रवेश खेड़ा, कमला मालपानी, अंजू भार्गव, नीता नारंग, सुधा तिवारी, नीतू दुबे समेत अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने आयोजन को ऐतिहासिक और दिव्य बनाने का संकल्प लिया।