आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार 27 अक्टूबर 2025 से 23 दिसंबर 2025 के बीच जबलपुर जिले की आठ विधानसभा सीटों में कुल 2 लाख 48 हजार 563 मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से कट गए। 27 अक्टूबर को जहां जिले में कुल मतदाता 19 लाख 25 हजार 472 थे, वहीं ड्राफ्ट प्रकाशन तक यह संख्या घटकर 16 लाख 76 हजार 909 रह गई।
पुरुष मतदाताओं की संख्या 9,74,734 से घटकर 8,58,681 हो गई, यानी लगभग 1.16 लाख की कमी दर्ज की गई। महिला मतदाताओं में गिरावट और अधिक रही, जिनकी संख्या 9,50,646 से घटकर 8,18,165 रह गई, यानी करीब 1.32 लाख नाम कम हुए। अन्य श्रेणी के मतदाता भी 92 से घटकर 63 रह गए।
विधानसभा क्षेत्रवार देखें तो सबसे ज्यादा गिरावट जबलपुर पूर्व (अजा) में दर्ज की गई, जहां मतदाता 2,55,390 से घटकर 2,06,175 रह गए। जबलपुर कैंट में संख्या 1,91,646 से घटकर 1,54,196 हो गई। पाटन में मतदाता 2,61,671 से घटकर 2,40,298 तथा पनागर में 2,75,943 से घटकर 2,45,835 रह गए।
23 दिसंबर 2025 की स्थिति में जिले का औसत जेंडर रेशियो 953 और ईपी रेशियो 59.36 प्रतिशत दर्ज किया गया है। इतनी बड़ी संख्या में नामों का हटना प्रशासन और निर्वाचन विभाग के लिए चुनौती माना जा रहा है। अब सभी की निगाहें अंतिम मतदाता सूची पर टिकी हैं, जिससे यह स्पष्ट होगा कि ड्राफ्ट के बाद कितने नाम पुनः जुड़ते हैं और कितने स्थायी रूप से हटते हैं।

