Breaking

भीषण सड़क हादसा: जबलपुर के दंपति की मौत, बेटा गंभीर


 जबलपुर। नववर्ष के पहले दिन जबलपुर के एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। दमोह जिले में हुए भीषण सड़क हादसे में जबलपुर निवासी दंपति की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा तेंदूखेड़ा थाना क्षेत्र के नागबाबा के पास हुआ, जहां कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार संजीवनी नगर, जबलपुर निवासी प्रदीप पाठक (70) अपनी पत्नी अलका पाठक (65) और बेटे प्रमोद के साथ कार से जबलपुर से रहली जा रहे थे। तेंदूखेड़ा से आगे नागबाबा के पास अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया, जिससे कार तेज गति में पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और दंपति कार में फंस गए।

घटना के समय आसपास नए साल का जश्न मना रहे स्थानीय लोगों ने हादसा देखा और तुरंत मदद के लिए आगे आए। उन्होंने कड़ी मशक्कत कर दंपति को कार से बाहर निकाला और सभी घायलों को तेंदूखेड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने प्रदीप पाठक और अलका पाठक को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल बेटे प्रमोद को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जबलपुर रेफर किया गया है। तेंदूखेड़ा पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

और नया पुराने