खबरी गुरु
जबलपुर। कमानिया गेट क्षेत्र में शुक्रवार देर रात उस समय तनाव की गिरफ्त में आ गया, जब एक होटल से जुड़ा मामूली विवाद अचानक हिंसक टकराव में बदल गया। बड़कुल होटल के मैनेजर, कर्मचारियों और एक स्थानीय व्यापारी के बीच हुई कहासुनी ने देखते ही देखते पूरे इलाके की शांति भंग कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद के बाद होटल प्रबंधन ने बाहरी युवकों को मौके पर बुलाया, जो कारों में सवार होकर पहुंचे और हाथों में बेसबॉल बैट लेकर लोगों को डराने लगे। इससे क्षेत्र में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। स्थानीय नागरिकों ने इसका विरोध किया, जिसके चलते दोनों पक्षों में मारपीट हो गई।
इसी दौरान होटल कर्मचारियों द्वारा समाज विशेष को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां किए जाने के आरोप सामने आए, जिससे जैन समाज के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। हालात बिगड़ते देख आरोपी होटल की ऊपरी मंजिल में जा छिपे। गुस्साई भीड़ ने कुछ लोगों को पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया और अन्य आरोपियों को भी सौंपने की मांग करने लगी।
पुलिस ने होटल मैनेजर सहित एक कर्मचारी और दो अन्य युवकों को हिरासत में लिया है। क्षेत्र में देर रात तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा। फिलहाल कमानिया गेट सहित आसपास के इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात है और पूरे मामले की जांच जारी है।



