Breaking

युवक पर हमला, चंद घंटों में आरोपी गिरफ्तार

 

जबलपुर। शहर में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए हैं। संजीवनी नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत धनवंतरी नगर चौकी के परसवाड़ा इलाके में मामूली विवाद पर चार बदमाशों ने दो युवकों पर लाठी-डंडों, बीयर की बोतल और धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार विकास चौधरी अपने मित्र के साथ खाना खाने के बाद टहलने निकला था। इसी दौरान परसवाड़ा नाले के पास पहले से मौजूद चार युवकों ने उनसे शराब पीने के लिए पैसे मांगे। पैसे देने से इनकार करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।

बीच-बचाव करने पहुंचे विकास चौधरी पर आरोपी सौरभ ठाकुर ने बीयर की बोतल से सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अन्य आरोपियों ने भी लात-घूंसे और धारदार हथियार से हमला किया तथा जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए।

सूचना मिलते ही धनवंतरी नगर चौकी एवं संजीवनी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चंद घंटों के भीतर चारों आरोपियों—सतपाल ठाकुर, शरद ठाकुर, सौरभ ठाकुर और सोनू बर्मन—को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 296(ए), 115(2), 118(1), 119(1), 351(3) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
और नया पुराने