Breaking

एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाला शातिर बदमाश गिरफ्तार


जबलपुर। शहर में एटीएम कार्ड बदलकर लोगों के खातों से पैसे निकालने वाले एक शातिर ठग को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से अलग-अलग बैंकों के 66 एटीएम कार्ड, 5,500 रुपये नकद, करीब एक लाख रुपये कीमत की जुपिटर स्कूटी और लगभग 55 हजार रुपये की सोने की झुमकी बरामद की गई है। इसके अलावा ठगी से निकाली गई 3 लाख 68 हजार रुपये की राशि बैंक में होल्ड कराई गई है।


पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी का नाम विनोद गौतम (28) है, जो सिवनी जिले के तिलक वार्ड, रेलवे स्टेशन के पास का निवासी है। आरोपी एटीएम मशीन पर पैसे निकालने आए लोगों को मदद का झांसा देता था। बातचीत के दौरान वह पीड़ित का पिन नंबर देख लेता और मौका मिलते ही उनका एटीएम कार्ड बदल देता था। बाद में बदले हुए कार्ड का उपयोग कर नजदीकी एटीएम से पैसे निकाल लेता था या खरीदारी कर लेता था।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ गोरखपुर, केंट, ओमती और बेलबाग थाना क्षेत्रों में एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने के चार मामले दर्ज हैं। इन मामलों में कई लोगों के खातों से लाखों रुपये निकाले गए थे।

पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर गठित टीम ने बैंक के सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया। फिलहाल पुलिस उसे न्यायालय में पेश कर अन्य मामलों की जांच के लिए रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है।
और नया पुराने