Breaking

डॉक्टर को रेप-POCSO में फंसाने की धमकी, कथित पत्रकार गिरफ्तार


जबलपुर। शहर के एक चिकित्सक को रेप और POCSO एक्ट में झूठा मामला दर्ज कराने की धमकी देकर लाखों रुपये की मांग करने वाले एक कथित पत्रकार को संजीवनी नगर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को कछपुरा ब्रिज के पास 10 लाख रुपये लेते समय रंगे हाथों दबोच लिया। इस मामले में उसके दो साथियों को भी हिरासत में लिया गया है।

पुलिस के अनुसार शहर के चिकित्सक डॉ. अमित खरे ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि प्रवीण सिंह नाम का व्यक्ति उन्हें लगातार फोन कर ब्लैकमेल कर रहा है। आरोपी का दावा था कि एक युवती डॉक्टर के खिलाफ रेप और POCSO एक्ट के तहत शिकायत दर्ज कराने वाली है, जिसे वह रुकवा सकता है। इसके बदले उसने 37 लाख रुपये की मांग की थी। बातचीत के दौरान आरोपी ने रकम घटाकर पहले 25 लाख और बाद में 10 लाख रुपये करने की बात कही।

आरोपी प्रवीण सिंह 
शिकायत मिलने के बाद थाना प्रभारी बी.डी. द्विवेदी के नेतृत्व में पुलिस ने योजना बनाकर कार्रवाई की। तय योजना के तहत मंगलवार रात करीब 9 बजे डॉक्टर रुपये से भरा बैग लेकर कछपुरा ब्रिज पहुंचे। जैसे ही आरोपी ने बैग लिया, पहले से घात लगाए पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर प्रवीण सिंह और उसके दो साथियों पवन कुमार देवक व बृजेश समन निवासी रामपुर को पकड़ लिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक स्कॉर्पियो वाहन और एक न्यूज चैनल की माइक आईडी भी जब्त की है। तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर पुलिस आगे की जांच कर रही है। 
और नया पुराने