चक्काजाम : नवविवाहिता की संदिग्ध मौत पर फूटा गुस्सा - Khabri Guru

Breaking

चक्काजाम : नवविवाहिता की संदिग्ध मौत पर फूटा गुस्सा


जबलपुर। जिले में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले में कार्रवाई नहीं होने से नाराज परिजन और ग्रामीण गुरुवार को सड़क पर उतर आए। कटंगी–पाटन मार्ग पर कैमोरी गांव के पास लोगों ने चक्काजाम कर दिया और सड़क के बीच टेंट लगाकर धरना शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने ससुराल पक्ष के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।

ग्रामीणों का आरोप है कि घटना को करीब 25 दिन बीत चुके हैं, लेकिन पुलिस ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है। इसी के विरोध में बड़ी संख्या में लोग सड़क पर बैठ गए, जिससे मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। 

इसी बीच नवविवाहिता का मौत से पहले का एक वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में युवती की हालत बेहद खराब दिखाई दे रही है और वह तड़पती नजर आ रही है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो ससुराल पक्ष द्वारा मायके वालों को भेजा गया था।


मृतका के परिजनों के मुताबिक कैमोरी निवासी पूजा साहू की शादी 6 फरवरी को जबलपुर के लार्डगंज क्षेत्र निवासी निखिल साहू से हुई थी। शादी के बाद 20 फरवरी को पूजा अपने पति, सास, ससुर और ननद के साथ उज्जैन गई थी, जहां 21 फरवरी को उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

परिजनों का आरोप है कि ससुराल पक्ष शादी के समय से ही 10 लाख रुपए दहेज की मांग कर रहा था। मायके पक्ष ने करीब 4 लाख रुपए नकद, सोने-चांदी के जेवर और गृहस्थी का सामान दिया था, लेकिन शेष रकम के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा था। आरोप है कि उज्जैन ले जाकर पूजा को जहरीला पदार्थ पिलाया गया और बाद में फर्जी डॉक्टर का पर्चा बनाकर मायके पक्ष को गुमराह करने की कोशिश की गई।

घटना के कई दिन बीत जाने के बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से परिजन और ग्रामीणों में आक्रोश है। प्रदर्शनकारियों ने पति सहित ससुराल पक्ष के सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। चक्काजाम की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाइश देकर स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया।

पेज