जबलपुर। शहर के सदर क्षेत्र स्थित जामा मस्जिद के इमाम को लेकर सोशल मीडिया पर की गई एक टिप्पणी से विवाद की स्थिति बन गई है। आपत्तिजनक पोस्ट सामने आने के बाद मुस्लिम समाज के लोगों में नाराजगी देखी गई और उन्होंने गुरुवार को कैंट थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
बताया जा रहा है कि मुस्ताक अहमद नाम के युवक ने सोशल मीडिया पर इमाम के बारे में अभद्र और अनुचित शब्दों का इस्तेमाल करते हुए पोस्ट किया था। यह पोस्ट सामने आने के बाद समाज के लोगों ने इसे धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला बताते हुए कड़ी आपत्ति जताई।
इस मामले को लेकर बड़ी संख्या में लोग कैंट थाना पहुंचे और थाना प्रभारी पुष्पेंद्र पटेल को ज्ञापन सौंपते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उनका कहना था कि इस तरह की टिप्पणियां सामाजिक सौहार्द और शांति व्यवस्था को प्रभावित कर सकती हैं, इसलिए इस पर तत्काल कार्रवाई की जानी चाहिए।
पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार संबंधित सोशल मीडिया पोस्ट की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
