तो... नीलाम हो जायेगा होटल गुलजार,! प्रशासन ने की संपत्तियां कुर्क - Khabri Guru

Breaking

तो... नीलाम हो जायेगा होटल गुलजार,! प्रशासन ने की संपत्तियां कुर्क



जबलपुर। राजस्व वसूली को लेकर जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए बड़े बकायादारों पर कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में गोरखपुर स्थित होटल गुलजार और हवाबाग स्थित मेथोडिस्ट चर्च की संपत्तियों को कुर्क कर दिया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि बकाया राशि का भुगतान नहीं होने पर इन संपत्तियों की नीलामी कर भू-राजस्व की वसूली की जाएगी।


जानकारी के अनुसार, अपर कलेक्टर अभिषेक गहलोत द्वारा हाल ही में आयोजित राजस्व वसूली समीक्षा बैठक में समयसीमा के बावजूद बकाया जमा नहीं करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद राजस्व विभाग ने तेजी से कार्रवाई करते हुए दोनों प्रमुख मामलों में कुर्की की प्रक्रिया पूरी की।

अनुविभागीय राजस्व अधिकारी गोरखपुर अनुराग सिंह ने बताया कि होटल गुलजार के संचालकों संजय भाटिया और गुलजारी लाल भाटिया पर करीब 8 लाख 50 हजार रुपये का डायवर्सन शुल्क बकाया है। कई बार नोटिस जारी करने के बावजूद राशि जमा नहीं करने पर अचल संपत्ति कुर्क कर ली गई है। साथ ही संपत्ति के क्रय-विक्रय, अनुबंध और अन्य सभी प्रकार के लेन-देन पर रोक लगा दी गई है।

इसी तरह हवाबाग स्थित मेथोडिस्ट चर्च पर लगभग 15 लाख रुपये का डायवर्सन शुल्क बकाया है। निर्धारित समय में भुगतान नहीं होने पर चर्च की संपत्ति भी कुर्क कर प्रशासनिक नियंत्रण में ले ली गई है।

प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि यदि जल्द भुगतान नहीं हुआ तो कुर्क संपत्तियों की नीलामी कर बकाया वसूला जाएगा। वहीं गोरखपुर तहसील में अन्य बड़े बकायादारों की भी पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है, जिससे क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।

पेज