जिला न्यायालय परिसर में बम फोड़ने वाले पांच आरोपी गिरफ्तार - Khabri Guru

Breaking

जिला न्यायालय परिसर में बम फोड़ने वाले पांच आरोपी गिरफ्तार


जबलपुर। जिला न्यायालय परिसर में सुतली बम फोड़कर न्यायालयीन कार्य में बाधा उत्पन्न करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना 16 मार्च 2026 की दोपहर करीब 3:45 से 4 बजे के बीच की है, जब अज्ञात व्यक्तियों द्वारा तेज आवाज का फटाखा फोड़कर न्यायालय परिसर में अफरा-तफरी मचा दी गई थी।

इस संबंध में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कार्यालय से प्राप्त प्रतिवेदन के आधार पर थाना ओमती में अपराध क्रमांक 153/2026 धारा 287, 125 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। बाद में विवेचना के दौरान धारा 132 एवं 3(5) बीएनएस भी जोड़ी गई।

पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आयुष गुप्ता, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (अपराध) जितेन्द्र सिंह एवं नगर पुलिस अधीक्षक ओमती सोनू कुर्मी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी ओमती राजपाल सिंह बघेल के नेतृत्व में टीम गठित की गई।

तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।

गिरफ्तार आरोपियों में तनमय राजपूत (19), निवासी शंकर नगर अनूप श्रीपाल (18), निवासी शिव शक्ति नगर चुंगी नाका अनुज राजपूत (20), निवासी मदर टेरेसा पेट्रोल पंप के पास परोक्ष उर्फ दक्ष (18), निवासी रामनगर कॉलोनी मझौली (वर्तमान काली माता मंदिर के पास) पंकज राजपूत (28), निवासी करमेता (माढोताल) चार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर केंद्रीय जेल भेज दिया गया है।

मुख्य आरोपी पर NSA की कार्रवाई

मामले में आरोपी पंकज राजपूत को थाना माढोताल पुलिस ने गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ पूर्व में अपहरण, अवैध वसूली, मारपीट, आर्म्स एक्ट व आबकारी एक्ट सहित 11 प्रकरण दर्ज हैं। उसकी आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) 1980 के तहत कार्रवाई की गई। जिला दंडाधिकारी राघवेन्द्र सिंह द्वारा एनएसए वारंट जारी कर उसे केंद्रीय जेल जबलपुर में निरुद्ध किया गया। प्रकरण में शामिल अन्य तीन फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस टीम की भूमिका सराहनीय

इस कार्रवाई में थाना ओमती व माढोताल पुलिस तथा क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिसमें कई अधिकारियों और कर्मचारियों ने सक्रिय योगदान दिया।

पेज