साधु के भेष में युवक ने कैमरामैन को मारी गोली ! - Khabri Guru

Breaking

साधु के भेष में युवक ने कैमरामैन को मारी गोली !


गत दिवस एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां साधु का वेश धारण किए एक युवक ने धार्मिक शोभायात्रा के दौरान खुलेआम फायरिंग कर दी। जिसमें एक गोली कैमरामैन को लगने से वह घायल हो गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें आरोपी स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।

घटना 19 मार्च को रीवा जिले के समान थाना क्षेत्र के गुलाब नगर में चैत्र नवरात्र के अवसर पर निकाली जा रही कलश यात्रा के दौरान हुई। बताया जा रहा है कि भगवा वस्त्र, सफेद पगड़ी और काला चश्मा पहने एक व्यक्ति अपने चार गनमैन के साथ यात्रा में शामिल हुआ था। वीडियो में देखा जा सकता है कि उसके एक गनमैन ने पिस्टल में कारतूस भरकर उसे थमाया, जिसके बाद उसने हवा में कई राउंड फायरिंग की।
इसी दौरान एक गोली वहां मौजूद कैमरामैन पवन सिंह के पैर में जा लगी, जिससे वह घायल हो गया। उसे तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद पुलिस ने मौके से कैमरा और मेमोरी कार्ड जब्त कर लिया।

जानकारी के अनुसार, आरोपी की पहचान माधवेंद्र भदौरिया के रूप में की जा रही है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश का निवासी बताया जाता है और कुछ समय पहले ही रीवा के गुलाब नगर में रहने आया था। वह अपने साथ कई गनमैन रखता है, जिससे क्षेत्र में भय का माहौल बना रहता है।
हालांकि, घटना के कई दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस ने अब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं की है और अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। जबकि वायरल वीडियो और तस्वीरों में आरोपी का चेहरा साफ दिखाई दे रहा है।
चौंकाने वाली बात यह भी है कि आरोपी की तस्वीरें कई प्रशासनिक और राजनीतिक हस्तियों के साथ सामने आई हैं, जिनमें राजेंद्र शुक्ल और प्रतिभा पाल भी शामिल बताए जा रहे हैं।

इस पूरे मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं और यह मामला अब भोपाल तक पहुंच चुका है, जिससे उच्च स्तर पर जांच की मांग तेज हो गई है।

पेज