जबलपुर। शहर के सबसे बड़े फ्लाईओवर पर एक बार फिर खतरनाक स्टंट का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में एक युवक अपनी जान जोखिम में डालते हुए फ्लाईओवर की ऊंची बाउंड्री वॉल पर खड़ा नजर आ रहा है, जबकि उसकी पत्नी इस पूरे घटनाक्रम को मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर रही है।
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि युवक बिना किसी सुरक्षा के रेलिंग के अंतिम छोर पर खड़ा है। इतनी ऊंचाई पर किया गया यह स्टंट न सिर्फ बेहद खतरनाक है, बल्कि एक छोटी सी चूक भी गंभीर हादसे में बदल सकती थी। महज सोशल मीडिया पर लोकप्रियता पाने के लिए इस दंपति ने अपनी सुरक्षा को नजरअंदाज कर दिया।
पहले भी हो चुके हैं ऐसे मामले
फ्लाईओवर पर स्टंट करने के मामले पहले भी सामने आ चुके हैं। प्रशासन और पुलिस द्वारा लगातार चेतावनी और कार्रवाई के बावजूद कुछ लोग रील बनाने के लिए अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डाल रहे हैं।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई9
मामले का वीडियो सामने आते ही पुलिस हरकत में आ गई है। यातायात पुलिस और संबंधित थाना क्षेत्र की टीम वायरल फुटेज के आधार पर युवक की पहचान करने में जुटी है। अधिकारियों के मुताबिक, आरोपियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की अपील
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस तरह के खतरनाक स्टंट से बचें और यातायात नियमों का पालन करें। सोशल मीडिया पर प्रसिद्धि पाने के लिए जान जोखिम में डालना न सिर्फ गैरकानूनी है, बल्कि जानलेवा भी साबित हो सकता है।

