जबलपुर। शहर के रानीताल क्षेत्र में रविवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब भाजपा कार्यालय के पास सड़क किनारे एक अज्ञात महिला का शव मिलने की खबर सामने आई। सुबह-सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए निकले लोगों ने जैसे ही सड़क किनारे पड़ी लाश देखी, इलाके में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी।
बताया जा रहा है कि रानीताल स्टेडियम जाने वाले मार्ग के किनारे करीब 30 से 40 वर्ष की महिला का शव पड़ा हुआ था। सबसे पहले क्षेत्रीय पार्षद संतोष दुबे की नजर उस पर पड़ी। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शव काफी समय से वहीं पड़ा हुआ था, जिससे आसपास का माहौल भयावह हो गया था। बताया गया है कि लाश को सुअरों ने क्षत विक्षत कर दिया है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र को घेरते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने पंचनामा बनाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। प्रारंभिक जांच में महिला की पहचान नहीं हो सकी है।
फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि महिला कौन थी और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। मामले को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं, जबकि पुलिस ने जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होने की बात कही है।
