सरकारी रास्ते के विवाद ने लिया खूनी रूप, सात लोग घायल - Khabri Guru

Breaking

सरकारी रास्ते के विवाद ने लिया खूनी रूप, सात लोग घायल



जबलपुर। चरगवां थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बम्बाबारी गांव में सरकारी रास्ते को लेकर चल रहा चार वर्ष पुराना विवाद मंगलवार को हिंसक झड़प में बदल गया। लंबे समय से दोनों पक्षों के बीच रास्ते को लेकर तनाव बना हुआ था। बताया जा रहा है कि मंगलवार को आपसी बातचीत के दौरान विवाद अचानक इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते लाठी-डंडे, लोहे की रॉड और सब्बल चलने लगे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ ही मिनटों में माहौल पूरी तरह तनावपूर्ण हो गया और गांव में अफरा-तफरी मच गई। इस झड़प में तीन महिलाएं और चार पुरुष सहित कुल सात लोग घायल हो गए। घायलों को तत्काल उपचार के लिए जबलपुर के मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने तीन लोगों की हालत गंभीर बताई है। अन्य घायलों का इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही चरगवां पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। एएसआई प्रकाश सिंह पटेल ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। एहतियात के तौर पर गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है, ताकि दोबारा कोई अप्रिय घटना न हो।




पेज