जबलपुर। अखिल भारत वर्षीय दिगंबर जैन महिला परिषद् के चेलना संभाग के सत्र 2026–28 का शपथग्रहण समारोह अत्यंत गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में समाज की अनेक प्रमुख हस्तियों की उपस्थिति ने आयोजन की शोभा को और बढ़ा दिया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में कैलाश चंद्र जैन, अध्यक्षता डॉ. विमला चौधरी ने की, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. कुसुम जैन, विजयलक्ष्मी जैन, रानी जैन, सत्येन्द्र जुग्गू एवं संजय सिंघई उपस्थित रहे। मंच पर पूर्व संभागाध्यक्ष सविता जैन एवं पूर्व अध्यक्ष प्राची जैन भी गरिमामय उपस्थिति में रहीं।
इस संबंध में जानकारी देते हुए मीडिया प्रभारी रश्मि जैन 'पारस’ ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान श्रीमती शैलजा जैन ने नवीन संभागाध्यक्ष पद की शपथ ग्रहण की। इसके साथ ही संभाग की तीनों शाखाओं—आदिनाथ, आदर्श एवं पुष्पांजलि की पदाधिकारियों को भी विधिवत शपथ दिलाई गई। आदिनाथ शाखा में अध्यक्ष समिधा जैन, सचिव विभा जैन एवं कोषाध्यक्ष अलका जैन, आदर्श शाखा में अध्यक्ष सीमा जैन, सचिव वर्षा जैन एवं कोषाध्यक्ष रत्ना जैन तथा पुष्पांजलि शाखा में अध्यक्ष रजनी जैन, सचिव कार्तिक जैन एवं कोषाध्यक्ष मनोरमा ने अपने दायित्वों का निर्वहन निष्ठा और समर्पण के साथ करने का संकल्प लिया।
समारोह का संचालन श्रीमती अर्चना मलैया ने कुशलता पूर्वक किया। कार्यक्रम की शुरुआत हर्षिता जैन के मंगलाचरण से हुई, जिसने वातावरण को आध्यात्मिकता से ओतप्रोत कर दिया। वहीं सिम्पल जैन द्वारा प्रस्तुत स्वागत नृत्य ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया और कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग भर दिए।
मीडिया प्रभारी रश्मि जैन पारस ने जानकारी देते हुए बताया कि चेलना संभाग की आदिनाथ शाखा, गोल बाजार जबलपुर द्वारा स्थायी प्रोजेक्ट के तहत एवं प्रांतीय नारे “अहिंसा, करुणा, ज्ञान” को सार्थक करते हुए एक जरूरतमंद महिला को सिलाई मशीन भेंट की गई। यह पहल परिषद् की सामाजिक प्रतिबद्धता और सेवा भाव का सशक्त उदाहरण बनी।
डॉ. विमला चौधरी ने शपथग्रहण प्रक्रिया को अत्यंत रोचक और प्रेरणादायक तरीके से संपन्न कराया, जिससे उपस्थित सभी सदस्यों में ऊर्जा और जिम्मेदारी का भाव जागृत हुआ। कार्यक्रम में प्रांतीय वरिष्ठ पदाधिकारी, उपाध्यक्षगण तथा विभिन्न क्षेत्रों—धार्मिक, सामाजिक, शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं मीडिया—से जुड़े अनेक कार्यकर्ताओं ने भी शपथ ली।
समारोह में इंदिरा जैन, लता जैन, अर्चना मलैया, मघू जैन, साधना जैन, रश्मि पारस, सीमा रुपाली, संगीता सिंघई, अर्चना रजनीश, मनीषा जैन, आकांक्षा जैन, प्रियंका जैन, आरती, रुचि सहित अनेक सदस्यों की सक्रिय उपस्थिति और सहयोग ने आयोजन को सफल और स्मरणीय बना दिया।
अंत में नव निर्वाचित अध्यक्ष समिधा जैन ने आभार व्यक्त करते हुए सभी अतिथियों, पदाधिकारियों एवं सहयोगियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। समारोह ने समाज में सेवा, संगठन और संस्कार के मूल्यों को सुदृढ़ करने का संदेश दिया।

