जबलपुर। संस्कारधानी में सामाजिक एवं शैक्षणिक सरोकारों को सशक्त रूप से आगे बढ़ाते हुए दिगम्बर जैन सोशल ग्रुप द्वारा एक प्रेरणादायक आयोजन किया गया। ग्रुप के तत्वाधान में जैन कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, खोवा मंडी में आयोजित इस कार्यक्रम में कक्षा 10वीं की इंग्लिश मीडियम की 20 से अधिक छात्राओं को निःशुल्क पुस्तकों के सेट, कवर एवं अन्य आवश्यक अध्ययन सामग्री वितरित की गई। इस पहल का उद्देश्य छात्राओं को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना और उनकी पढ़ाई में आने वाली आर्थिक बाधाओं को कम करना रहा।
कार्यक्रम में फेडरेशन के राष्ट्रीय महासचिव विनय जैन एवं श्रीमती अनीता जैन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ विद्यालय के अध्यक्ष राजेंद्र जैन ‘मम्मा’ एवं सचिव अनुराग जैन गढ़वाल की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को विशेष महत्व प्रदान किया। दिगम्बर जैन सोशल ग्रुप संस्कारधानी की ओर से अध्यक्ष प्रदीप जैन (सुनीता, लक्ष्मी), सचिव चित्रा सुनील घीया, कोषाध्यक्ष अनिल आरती जैन सहित श्रीमती रश्मि अमित पारस, शरद किरण, श्रीमती संध्या शांत, आशीष मनीषा, मंजु वीरेंद्र, अनिल, प्रदीप निशा एवं अन्य सदस्य भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर कार्यक्रम को एक विशेष आयाम देते हुए छात्राओं को स्वास्थ्य सुरक्षा से संबंधित आवश्यक सामग्री भी प्रदान की गई। इस दौरान अतिथियों ने छात्राओं को शिक्षा के साथ-साथ स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और संतुलित जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
सामाजिक उत्तरदायित्व निभाते हुए ग्रुप ने एक सराहनीय कार्य और किया। आर्थिक रूप से कमजोर साधर्मी छात्र सिद्धार्थ जैन को नचिकेता उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में कक्षा 9वीं में प्रवेश दिलाने हेतु सदस्यों के सहयोग से उसकी वार्षिक फीस प्रदान की गई। यह पहल जरूरतमंद विद्यार्थियों के भविष्य को संवारने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुई।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए सचिव चित्रा सुनील घीया ने अतिथियों का स्वागत किया और ग्रुप द्वारा किए गए विभिन्न सामाजिक, शैक्षणिक एवं सेवा कार्यों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। अंत में निशा प्रदीप चौधरी ने सभी अतिथियों, सदस्यों एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
यह आयोजन शिक्षा, सेवा और सहयोग की भावना का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर सामने आया, जिसने समाज में सकारात्मक संदेश देने के साथ-साथ जरूरतमंदों के जीवन में नई उम्मीद भी जगाई।

