150 खोए मोबाइल मिले, 25 लाख की है कीमत - Khabri Guru

Breaking

150 खोए मोबाइल मिले, 25 लाख की है कीमत


जबलपुर। जबलपुर पुलिस की सायबर सेल ने गुम मोबाइल फोन की बरामदगी में बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने अलग-अलग स्थानों से 150 मोबाइल फोन खोजकर उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंप दिए। बरामद मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई जा रही है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (अपराध) जितेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन में की गई। सायबर सेल की टीम ने आधुनिक तकनीकी साधनों का उपयोग करते हुए इन मोबाइल फोन को ट्रेस किया और सफलतापूर्वक बरामद किया।

मोबाइल फोन की खोज में CEIR पोर्टल की अहम भूमिका रही। इस पोर्टल के माध्यम से गुम मोबाइल फोन को ब्लॉक कर उनकी लोकेशन का पता लगाया गया, जिससे उन्हें वापस हासिल करना संभव हो सका।

पुलिस अधीक्षक ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी का मोबाइल फोन गुम हो जाए तो तत्काल संबंधित थाने में शिकायत दर्ज कराएं और CEIR पोर्टल पर पंजीयन करें, ताकि मोबाइल को ट्रैक कर जल्द वापस दिलाया जा सके। साथ ही किसी भी प्रकार की सायबर ठगी या संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की स्थिति में तुरंत राष्ट्रीय सायबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें या ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराएं। आवश्यकता होने पर सायबर सेल जबलपुर के हेल्पलाइन नंबर 7701050010 पर भी संपर्क किया जा सकता है।

सायबर सेल की इस कार्रवाई ने यह साबित किया है कि आधुनिक तकनीक के प्रभावी उपयोग से न केवल अपराधों पर नियंत्रण पाया जा सकता है, बल्कि आम नागरिकों की खोई हुई संपत्ति भी उन्हें वापस दिलाई जा सकती है।

पेज