प्रॉपर्टी विवाद में गोली चली, पीड़ित की हालत गंभीर - Khabri Guru

Breaking

प्रॉपर्टी विवाद में गोली चली, पीड़ित की हालत गंभीर


जबलपुर। पाटन थाना क्षेत्र में प्रॉपर्टी विवाद ने खतरनाक मोड़ ले लिया, जहां एक व्यक्ति पर सुनियोजित तरीके से जानलेवा हमला किया गया। हमलावरों ने पहले उनकी आंखों में मिर्च पाउडर झोंका और फिर गोली मारकर फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार, आगाशोद निवासी 52 वर्षीय ठाकुर दास पटेल, जो हाई कोर्ट में मुंशी का कार्य करते हैं, गुरुवार रात करीब 11:15 बजे बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान बेनीखेड़ा के पास एक महिला ने उन्हें रोक लिया। महिला ने चेहरा ढंका हुआ था और उसने अचानक उनकी आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया, जिससे वे असंतुलित होकर सड़क पर गिर पड़े।

जैसे ही वह नीचे गिरे, पहले से घात लगाए बैठे करीब आधा दर्जन हमलावरों ने उन्हें घेर लिया और जमकर मारपीट शुरू कर दी। किसी तरह मौके से भागने की कोशिश के दौरान आरोपियों ने उन पर फायरिंग कर दी। गोली उनके पेट के पास जा लगी, जबकि छर्रे गले में धंस गए।

गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद ठाकुर दास हिम्मत दिखाते हुए खुद नुनसर पुलिस चौकी पहुंचे और घटना की जानकारी दी। इसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पीड़ित ने पुलिस को बताया कि यह हमला जमीन के लेन-देन के विवाद के चलते किया गया। उन्होंने जमीन खरीदने के लिए 22 लाख रुपए दिए थे, लेकिन आरोपियों ने अब तक रजिस्ट्री नहीं की।

इस मामले में दीपक काक्षी, गोपाल काक्षी, वंदना सिंह, बृजलाल पटेल, अर्जुन और सिद्धार्थ दुबे समेत सात लोगों को आरोपी बनाया गया है।

नुनसर पुलिस चौकी प्रभारी विपिन तिवारी के अनुसार, पीड़ित के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ जारी है।

पेज