जबलपुर बस की ट्रक से टक्कर, कंडक्टर की मौत, कई यात्री घायल - Khabri Guru

Breaking

जबलपुर बस की ट्रक से टक्कर, कंडक्टर की मौत, कई यात्री घायल


जबलपुर। बरगी थाना क्षेत्र अंतर्गत नागपुर-जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-34 पर शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार यात्री बस ने सामने चल रहे ट्रक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बस कंडक्टर की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि कई यात्री घायल हो गए।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ट्रक चालक प्रमोद कुमार ठाकुर निवासी ग्राम देवरीकला, छपारा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अमरावती से तुअर दाल लोड कर कटनी की ओर जा रहा था। ट्रक में उसके साथ कंडक्टर सतीश कुमार भी मौजूद था। देर रात ग्राम हुल्की स्थित प्रभु ढाबा के पास पीछे से आ रही दीपक ट्रेवल्स की बस ने तेज गति और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए ट्रक को टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि बस और ट्रक दोनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद बस में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना में बस में सवार कई यात्री घायल हो गए, जिनमें मोहम्मद साहिल, कीर्ति सिंह और मनीष कुमार प्रमुख रूप से शामिल हैं।

घटना की सूचना मिलते ही बरगी थाना पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। घायलों को 108 और 1033 एम्बुलेंस की सहायता से तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, दुर्घटना के दौरान ट्रक में लोड तुअर दाल की कई बोरियां फट गईं, जिससे अनाज सड़क पर बिखर गया।

इलाज के दौरान बस कंडक्टर राजपाल सिंह (45) निवासी देवघटा, जिला सीधी की मौत हो गई। पुलिस ने बस चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 281, 125(ए) और 106(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हादसे के बाद प्रशासन ने सुरक्षित यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए दूसरी बस की व्यवस्था भी कराई।

पेज