संग्राम सागर में गूंजा "साथी हाथ बढ़ाना साथी रे" स्वच्छता अभियान में जनप्रतिनिधियों ने किया श्रमदान - Khabri Guru

Breaking

संग्राम सागर में गूंजा "साथी हाथ बढ़ाना साथी रे" स्वच्छता अभियान में जनप्रतिनिधियों ने किया श्रमदान


जबलपुर। जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के वार्ड क्रमांक-5 स्थित संग्राम सागर तालाब में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और स्थानीय नागरिकों ने एक साथ मिलकर तालाब परिसर की सफाई की तथा जल संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा का संदेश दिया।

अभियान में लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने सक्रिय भागीदारी निभाते हुए स्वयं श्रमदान किया। उनके साथ जेडीए अध्यक्ष संदीप जैन, नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज विज, भाजपा नगर अध्यक्ष रत्नेश सोनकर, क्षेत्रीय पार्षद, कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह, निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार सहित नगर निगम और जेडीए के अधिकारी-कर्मचारी भी मौजूद रहे।

इस दौरान मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि जलस्रोतों की सुरक्षा और स्वच्छता समाज के हर व्यक्ति की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रकृति संरक्षण के बिना मानव जीवन सुरक्षित नहीं रह सकता, इसलिए सभी लोगों को जल बचाने और जलाशयों को स्वच्छ रखने के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने नागरिकों से स्वच्छता को आदत और जल संरक्षण को सामूहिक अभियान बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने तालाब क्षेत्र से कचरा और गंदगी हटाकर स्वच्छता का संदेश दिया। अभियान में महिलाओं और मातृशक्ति की भागीदारी भी उल्लेखनीय रही। महिला संगठनों की सदस्याओं ने उत्साह के साथ श्रमदान करते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक किया।

अंत में सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों ने संग्राम सागर तालाब को स्वच्छ, सुंदर और सुरक्षित बनाए रखने का संकल्प लिया। प्रशासन ने बताया कि शहर के अन्य जलस्त्रोतों पर भी इसी प्रकार के अभियान लगातार चलाए जाएंगे ताकि जल संरक्षण के प्रति आमजन की भागीदारी बढ़ सके।


पेज