शराब सिंडिकेट की बोलेरो उफनते नाले में समाई, ड्राइवर की मौत - Khabri Guru

Breaking

शराब सिंडिकेट की बोलेरो उफनते नाले में समाई, ड्राइवर की मौत


जबलपुर। बेलखेड़ा थाना क्षेत्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसे में शराब सिंडिकेट की बोलेरो उफनते नाले में बह गई। हादसे में बोलेरो चालक 52 वर्षीय रवि पिल्ले, निवासी सदर, की मौत हो गई, जबकि वाहन में सवार तीन अन्य कर्मचारियों ने किसी तरह कांच तोड़कर अपनी जान बचा ली।

जानकारी के अनुसार, बेलखेड़ा-बरमान मार्ग पर पिछले कई घंटों से लगातार बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं। कटाव के पास बने रपटे पर करीब तीन फीट पानी बह रहा था और कई वाहन चालक पानी कम होने का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान शराब दुकान सिंडिकेट की बोलेरो, जिसमें चालक सहित चार कर्मचारी सवार थे, उफनते रपटे को पार करने लगी। तेज बहाव के चलते वाहन संतुलन खो बैठा और नाले में बहकर डूब गया।

हादसे के दौरान तीन कर्मचारियों ने वाहन का कांच तोड़कर बाहर निकलने में सफलता हासिल कर ली, लेकिन चालक रवि पिल्ले वाहन के भीतर ही फंस गए। करीब तीन घंटे बाद जब पानी का स्तर कम हुआ तो ग्रामीणों ने वाहन तक पहुंचकर उन्हें बाहर निकाला। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि हादसे के समय पुलिस मौके पर मौजूद होने के बावजूद प्रभावी बचाव कार्य नहीं कर सकी और ग्रामीणों ने ही अपनी जान जोखिम में डालकर रेस्क्यू किया। हालांकि, इस आरोप की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, हादसे ने एक बार फिर उफनते रपटों पर सुरक्षा इंतजाम, बैरिकेडिंग और प्रशासनिक सतर्कता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पेज