Breaking

पुलिस ने नहीं सुनी तो, थाने के सामने युवक ने खुद को लगाई आग


जबलपुर। माढ़ोताल थाना परिसर के सामने रविवार दोपहर एक युवक ने खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। घटना में युवक गंभीर रूप से झुलस गया, जिसे मौके पर मौजूद लोगों और पुलिसकर्मियों की मदद से तत्काल मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार प्रभात नगर निवासी गंगाराम रविवार करीब 12 बजे माढ़ोताल थाने के सामने पहुंचा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक उसने पहले खुद पर पेट्रोल डाला और फिर आग लगा ली। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत कंबल डालकर आग बुझाई, जिसके बाद पुलिस ने उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा।

स्थानीय लोगों का कहना है कि युवक अपनी किसी शिकायत को लेकर लंबे समय से थाने के चक्कर लगा रहा था और कार्रवाई नहीं होने से नाराज था। हालांकि पुलिस का दावा है कि युवक पहली बार थाने आया था और इससे पहले उसकी ओर से कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी।

सीसीटीवी फुटेज की जांच में सामने आया है कि घटना से पहले युवक काफी देर तक थाने के सामने स्थित एक चाय की दुकान पर बैठा रहा। इसके बाद वह सड़क पर आया और यह कदम उठा लिया। फिलहाल उसके इस कदम के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।

पुलिस युवक के परिजनों से पूछताछ कर रही है और मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। घटना में युवक के शरीर का ऊपरी हिस्सा गंभीर रूप से झुलस गया है।

सीएसपी बी.एस. गौठरिया ने बताया कि एक युवक ने थाने के सामने खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली थी। उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। युवक ने यह कदम किन कारणों से उठाया, इसकी जांच की जा रही है।
और नया पुराने