मुंबई: रनवे पर आमने सामने आ गए दो विमान, हादसा टला - Khabri Guru

Breaking

मुंबई: रनवे पर आमने सामने आ गए दो विमान, हादसा टला

 

मुंबई। मुंबई एयरपोर्ट पर मंगलवार रात एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) की सतर्कता से एक बड़ा विमान हादसा टल गया। एक ही रनवे पर दो विमान आमने-सामने की स्थिति में आ गए थे, लेकिन समय रहते दिए गए निर्देशों से संभावित टक्कर टाल दी गई।

जानकारी के अनुसार, सिलीगुड़ी से मुंबई पहुंची एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट AIX1547 (बोइंग 737 मैक्स 8) लैंडिंग के बाद अभी रनवे पूरी तरह खाली नहीं कर पाई थी। इसी दौरान मुंबई से दिल्ली रवाना होने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट AI816 (बोइंग 777-300ER) ने उसी रनवे पर टेक-ऑफ की प्रक्रिया शुरू कर दी।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने तत्काल एयर इंडिया के पायलट को टेक-ऑफ रोकने का निर्देश दिया। पायलट ने तुरंत विमान की गति रोक दी और उसे सुरक्षित रूप से वापस पार्किंग बे में ले जाया गया। इससे दोनों विमानों के बीच संभावित टक्कर टल गई और सैकड़ों यात्रियों की जान सुरक्षित रही।

घटना के बाद एयर इंडिया ने बताया कि ATC के निर्देशों का पूरी तरह पालन किया गया। विमान को मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के तहत तकनीकी जांच के लिए भेजा गया है। साथ ही दिल्ली जाने वाले यात्रियों के लिए वैकल्पिक उड़ान की व्यवस्था की जा रही है।

इस पूरे घटनाक्रम में एयर ट्रैफिक कंट्रोल और दोनों विमानों के पायलटों की त्वरित और सतर्क कार्रवाई ने एक संभावित बड़े विमान हादसे को टाल दिया।

पेज